उज्जैन आने-जाने के लिए हवाई सेवाएं प्रारंभ की जाएंगीः मुख्यमंत्री डॉ. यादव

उज्जैन आने-जाने के लिए हवाई सेवाएं प्रारंभ की जाएंगीः मुख्यमंत्री डॉ. यादव

- धार्मिक, आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी राज्य सरकारः मुख्यमंत्री

भोपाल, 24 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सभी क्षेत्रों में विकास के साथ-साथ धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल से महाकाल लोक के निर्माण के बाद से स्थानीय पर्यटन बढ़ा है। उज्जैन आने-जाने के लिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिये आवागमन के अन्य साधनों को बढ़ाने के साथ बेहतर हवाई सेवाएं भी प्रारंभ की जाएंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को उज्जैन में महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए चल रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण करने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने महाकाल मंदिर की व्यवस्थाओं के अवलोकन के दौरान संबंधित अधिकारियों से कार्यों की गुणवत्ता और पूर्णता के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेशवासी प्रधानमंत्री के आभारी हैं, क्योंकि उज्जैन के महाकाल लोक के निर्माण के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना बढ़ा है। हाल ही में अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी हवाई सेवाओं की आवश्यकता अनुभव की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिये कार्ययोजना बनाई जायेगी ताकि उज्जैन में सुविधायुक्त हेलीपेड एवं एयरपोर्ट बन सके।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मालवा क्षेत्र में आने वाले पर्यटक अनिवार्य रूप से महाकाल दर्शन के लिये उज्जैन आते हैं। आगामी सिंहस्थ के दृष्टिगत विभिन्न व्यवस्थाएं आवश्यक हैं। प्रयास है कि बाबा महाकाल के दर्शन आसानी से कम समय में संभव हो, विशेष रूप से दिव्यांगजन, वृद्ध और बच्चे शीघ्र दर्शन कर सकें। धार्मिक-आध्यात्मिक मान्यताओं में विश्वास रखने वाले और जिज्ञासुजन महाकाल लोक के साथ ही विभिन्न संग्रहालय देखें। सनातन संस्कृति को समझें। पर्यटकों और श्रद्धालुओं को नई व्यवस्थाओं का लाभ देने के प्रयास किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विकास के साथ ही सनातन संस्कृति के संरक्षण और अन्य धर्मों के लिए भी आवश्यक कार्यों के साथ आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने महामंडलेश्वर शेखर महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महामंडलेश्वर अतुलेशानंद आचार्य शेखर महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। उज्जैन में चिंतामन गणेश रोड स्थित महाराज आचार्य शेखर के राजराजेश्वरी आश्रम पहुंचने पर बटुकों द्वारा मंत्रोच्चार कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अभिनंदन किया गया। आचार्य शेखर ने कलावा बांधकर, तिलक लगाकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव को आशीर्वाद प्रदान किया व प्रदेशवासियों के मंगल की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा

   

सम्बंधित खबर