देश में पीएम मोदी की आंधी भरी लहर में विपक्षी उड़ जायेंगे : अनिल राजभर

प्रयागराज, 24 जनवरी (हि.स.)। देश के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर चल रही है और इस आंधी भरी लहर में विपक्षी उड़ जाएंगे। मोदी सरकार गरीबों की सरकार है और उनके नेतृत्व में भारत और भारत की संस्कृति का परचम पूरे विश्व में लहरा रहा है। पीएम मोदी ने जो कहा था वह कर दिखाया।

यह बातें प्रदेश सरकार के मंत्री एवं लोकसभा कलस्टर प्रयागराज अनिल राजभर ने भाजपा कार्यालय सिविल लाइन में प्रयागराज महानगर, गंगापार, जमुनापार, कौशाम्बी एवं प्रतापगढ़ जिले के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक में सम्बोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि हमें संगठन के सभी कार्यों एवं सभी कार्यक्रमों को जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर सफल बनाना है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के सभी जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम करना है। उन्होंने कहा कि हमें हर बूथों पर कमल खिलाना है और सभी चारों जिले के संसदीय सीटों पर भारतीय जनता पार्टी को जिताना है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने श्री राम जन्मभूमि पर उसी स्थान पर मंदिर बनवाया और प्रभु रामलला को विराजित किया, जहां उन्होंने कहा था। उन्होंने धारा 370 को हटाकर राष्ट्र विरोधियों के मंसूबों को तोड़ने का काम किया और राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया। पीएम मोदी जो कहते हैं, वह करते भी हैं।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि बैठक के पूर्व मंत्री अनिल राजभर कल्याणी देवी मंदिर में जाकर माता कल्याणी का दर्शन किये और आगामी लोकसभा के चुनाव में भाजपा के विजय की कामना की। इसके पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा ने कल्याणी देवी मंदिर एवं पार्टी कार्यालय में स्वागत किया। बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री सुशील त्रिपाठी एवं कुंज बिहारी मिश्रा ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त

   

सम्बंधित खबर