मुख्यमंत्री ने जागेश्वर यादव और हेमचंद मांझी तथा रामलाल बरेठ को पद्मश्री सम्मान मिलने पर दी बधाई

रायपुर, 26 जनवरी (हि.स.)।छत्तीसगढ़ से तीन विभूतियों को पद्मश्री सम्मान के लिए चुना गया है, जिसमें जशपुर जिला के जागेश्वर यादव, रायगढ़ जिला के रामलाल बरेठ और नारायणपुर जिला के हेमचंद मांझी का नाम शामिल है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जागेश्वर यादव और हेमचंद मांझी तथा रामलाल बरेठ को पद्मश्री सम्मान मिलने पर बधाई दी है।प्रदेश के अब तक 29 विभूतियों को पद्मश्री अवॉर्ड मिल चूका है।मुख्यमंत्री ने कहा है कि इन तीनों विभूतियों ने अपने-अपने क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय कार्य से राष्ट्रीय स्तर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पंडित राम लाल बरेठ, जागेश्वर यादव और वैद्यराज हेमचंद मांझी को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर और पहाड़ी कोरवा की भलाई के लिए जागेश्वर यादव ने अपना जीवन समर्पित कर दिया है। मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सम्मान के लिए जागेश्वर यादव के चयन पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें दूरभाष पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने वैद्यराज हेमचंद मांझी द्वारा नारायणपुर के अबूझमाड़ इलाके में पारंपरिक औषधि जड़ी-बूटी से बीते पांच दशकों से जरूरतमंद लोगों का इलाज को उनकी सेवा का प्रतिफल कहा है।

कथक के मूर्धन्य नर्तक पंडित राम लाल बरेठ ने कला के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। रायगढ़ के रहने वाले पंडित राम लाल बरेठ के पिता कार्तिक राम बरेठ भी कथक के मूर्धन्य नर्तक रहे है।पंडित राम लाल बरेठ को संगीत नाटक अकादमी द्वारा भी पुरस्कृत किया गया है।

नारायणपुर के रहने वाले हेमचंद मांझी को वैद्यराज मांझी के नाम से अबूझमाड़ क्षेत्र में जाना जाता है। वे पारम्परिक आयुर्वेद से आदिवासियों का इलाज करते हैं।स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें भारत सरकार यह सम्मान देने जा रही है।

वहीं बिरहोर आदिवासियों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले जागेश्वर यादव को भी पद्मश्री सम्मान मिलेगा। आदिवासियों को बेहतर जिंदगी देने के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले जागेश्वर यादव, अब पद्मश्री जागेश्वर यादव कहलायेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जागेश्वर दादा को खुद फोन करके बताया कि उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्मश्री पुरस्कार मिला है और राष्ट्रपति जी से पुरस्कार लेने उन्हें दिल्ली जाना है। यादव को आदिवासियों के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शहीद वीर नारायण सिंह सम्मान भी प्रदान किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा

   

सम्बंधित खबर