गाजियाबाद : चारों ओर गणतंत्र दिवस की धूम, महापौर ने फहराया तिरंगा

गणतंत्र दिवसगणतंत्र दिवसगणतंत्र दिवस

-आज़ादी के बाद से लगातार उन्नति कर रहा है भारत : सुनीता दयाल

गाजियाबाद, 26जनवरी(हि.स.)। पूरे देश के साथ दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी गणतंत्र दिवस की धूम है। महापौर सुनीता दयाल ने नगर निगम पर तिरंगाध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता और विकसित भारत संकल्प की शपथ दिलाई। जीडीए परिसर में सचिव राजेश कुमार सिंह ने तिरंगा ध्वज फहराया।

नगर निगम तिरंगाध्वज फहराने के बाद महापौर ने गणतंत्र दिवस की शुभकानाएं देते हुए कहा कि यह आजादी हमें अनगिनत देशभक्तों के त्याग और बलिदान के बाद मिली है। हम बड़े सौभाग्यशाली हैं कि हजारों वर्ष की गुलामी के बाद आज आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब हमसे हमारा देश आजाद हुआ है तब से लगातार उन्नति कर रहा है।

उन्होंने कहा कि आज देश ही नहीं विदेशों में भी भारत का डंका बज रहा है। जिन आताताई देशों ने भारत को गुलाम बनाया था, आज वह देश भी भारत की ओर देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें ईमानदारी और निष्ठापूर्वक देश के लिए काम करना है।

उन्होंने कहा कि संविधान में दिए गए अधिकारों को तो सब याद रखते हैं लेकिन कर्तव्यों को नहीं देखते। हमें अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी के साथ राष्ट्रहित में करना होगा। इसके लिए हमें अपने कार्यों में ईमानदारी बरतनी होगी और भ्रष्टाचार से दूर रहना होगा।

महापौर ने कहा कि ईमानदारी से कार्य करते हुए हमें देश और अपने शहर को उन्नति की ओर आगे बढ़ना होगा और ऐसी छाप छोड़नी होगी के समाज भी उसका आदर करें। इस मौके पर नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने कहा कि देश में जो संवैधानिक अधिकार हमें मिला है उसके लिए करोड़ों लोगों ने अपनी बलिदानी दी है। हमें इस कुर्बानी को सार्थक रखते हुए राष्ट्रहित में संवैधानिक दायरे में रहते हुए अपने कर्तव्य का ईमानदारी पूर्वक निर्वाह करना होगा। इस मौके पर महापौर ने अधिकारियों और वहां उपस्थित लोगों को स्वच्छता और विकसित भारत संकल्प की शपथ दिलाई। इस मौके पर नगर निगम के तमाम अधिकारी कर्मचारी व पार्षद मौजूद रहे।

उधर, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण प्रांगण में सचिन राजेश कुमार सिंह ने तिरंगा ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि देश गणतंत्र होने के बाद लगातार विकास के राह पर चल रहा है। आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। उन्होंने कहा कि हम सबको देश के लिए प्राण देने वाले शहीदों से प्रेरणा लेकर देश के लिए हर बलिदान के लिए तैयार रहना चाहिए और अपने कर्तव्यों का पाल ईमानदारी के साथ करना चाहिए।

इस मौके पर जीडीए के विशेष अधिकारी सुशील चौबे, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्रीचंद सारस्वत, प्रभात चौधरी समेत कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/फरमान अली

   

सम्बंधित खबर