लखनऊ : गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार प्रदर्शित हुई राजभवन की बैंड और झांकी

गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार प्रदर्शित हुई राजभवन का बैंड व झांकी

लखनऊ, 26 जनवरी (हि.स.)। 75वें गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने राजभवन और विधान भवन में ध्वज फहराया। साथ ही गणतंत्र दिवस परेड की सलामी ली और परेड का अवलोकन किया। परेड में सेना, पुलिस, पीएसी, होमगार्डस, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट किया। विभिन्न विभागों व विद्यालयों की ओर से झांकी निकाली गई। कलाकारों ने समूह नृत्य के साथ अन्य प्रस्तुतियां दी। इससे पूर्व राज्यपाल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन में राजभवन का बैंड व जन-जन का राजभवन की थीम पर पहली बार राजभवन की झांकी निकाली गई। इसमें गत चार वर्षों में राजभवन में हुए अभूतपूर्व परिवर्तन को दर्शाया गया। राजभवन की झांकी में राजभवन की विभिन्न गतिविधियों तथा उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालय द्वारा नैक में उत्कृष्ट प्रदर्शन को दिखाया गया। राजभवन बैंड में उच्च प्राथमिक विद्यालय राजभवन तथा भिक्षा से शिक्षा की ओर जुड़े बच्चों द्वारा उत्कृष्ट बैंड का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित मंत्रि मंडल के अन्य सदस्य, सांसद-विधायक आदि थे।

पांच को अति उत्कृष्ट सेवा व चार को उत्कृष्ट सेवा पदक

राज्यपाल ने गृह मंत्रालय भारत सरकार की ओर से सेवा अभिलेखों के आधार पर राजभवन के सुरक्षाकर्मी उप निरीक्षक अनिल कुमार, श्रीकांत पांडेय, जसवंत सिंह, मुख्य आरक्षी शत्रुजीत सिंह व संतोष कुमार मिश्रा को अति उत्कृष्ट सेवा पदक तथा मुख्य आरक्षी उदयभान यादव, राजकुमार, पंकज कुमार एवं राजेश को उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान कर सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ कमलेश्वर शरण/दीपक/मोहित

   

सम्बंधित खबर