औली घूमने आये पर्यटकों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, चार लोग घायल

गोपेश्वर, 26 जनवरी (हि.स.)। चमोली जिले के जोशीमठ-औली मोटर मार्ग पर मध्य प्रदेश के जबलपुर से औली घूमने आये पर्यटकों का वाहन शुक्रवार को औली से लौटते हुए सुनील बैंड के पास अनियंत्रित होकर खाई में पेड़ से जा अटका। दुर्घटना में वाहन में सवार चालक सहित चार लोग घायल हो गये। इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के जबलपुर का एक परिवार औली घूमने आया था। शुक्रवार को औली से जोशीमठ के लिए वापस लौट रहा था। इसी दौरान सुनील बैंड के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा और एक पेड़ पर लटक गया। वाहन में चालक सहित चार लोग सवार थे। एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस का रेस्क्यू दल, आईटीबीपी जवान मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाल कर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल दो लोगों को मुख्यालय गोपेश्वर के हायर सेंटर भेज दिया गया है।

घायल पर्यटकों में अनुपम सोनी पुत्र गोविंद सोनी उम्र 32 वर्ष जबलपुर (मध्य प्रदेश), संकल्प पटेल पुत्र संजय पटेल उम्र 33 वर्ष जबलपुर, प्रार्थना सोनी पत्नी अनुपम सोनी उम्र 30 वर्ष और शिवानी पटेल पत्नी संकल्प पटेल उम्र 30 वर्ष शामिल हैं। गंभीर घायल जिन्हें जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है उनमें संकल्प पटेल और शिवानी पटेल शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/जगदीश/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर