स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का आयोजन तीस जनवरी से

जयपुर, 27 जनवरी (हि.स.)। जिले में आगामी तीस जनवरी से तेरह फरवरी तक स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर द्वितीय डॉ. बी. एल. मीणा ने बताया कि आगामी तीस जनवरी से तेरह फरवरी तक जिले स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान के अन्तर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस बार अभियान कलंक मिटाएं, गरिमा अपनाए थीम आधारित होगा। जिसमे तीस जनवरी को कुष्ठ दिवस पर जिला कलेक्टर की ओर से जनता के नाम कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता के लिए संदेश, ग्राम सभा प्रमुख (सरपंच) द्वारा ग्राम सभा के सदस्यों से कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्तियों से भेदभाव दूर करने की अपील के साथ ही प्रश्नोत्तरी कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

अभियान के अंतर्गत इकतीस जनवरी से तेरह फरवरी तक जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर प्रचार-प्रसार गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा एवं विभिन्न माध्यमों द्वारा लोगों को इस रोग के बारे में जानकारी दी जाएगी। अभियान के अंतर्गत स्लोगन लेखन, माइकिंग, पम्पलेट वितरण, प्रचार वाहन, फ्लैक्स बैनर प्रदर्शन आदि गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. सुरेंद्र कुमार गोयल ने बताया कि कुष्ठ रोग बीमारी एक जीवाणु (लेप्रा बेसिली) से होती है। यह कोई छुआछूत का या आनुवंशिक रोग नहीं है। इसकी जांच एवं इलाज सभी सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों पर मुफ्त में उपलब्ध है। कुष्ठ रोग की शुरुआत में पहचान एवं जांच करवा ली जावे तथा पूर्ण इलाज लिया जावे तो कुष्ठ रोग पूरी तरह से ठीक हो जाता है एवं शारीरिक विकलांगता से बचा जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश

   

सम्बंधित खबर