ग्रामीणों की घेराबंदी से लूट का प्रयास विफल, एक लुटेरा गिरफ्तार

-चाकू और नकली पिस्टल बरामद

जौनपुर, 27 जनवरी (हि. स.)। खुटहन थाना अंतर्गत बड़नपुर प्राथमिक विद्यालय के पास शनिवार को ग्रामीणों की तत्परता से साइकिल सवार सर्राफा व्यवसाई का गहनों से भरा झोला छिनैती होने से बच गया। घेराबंदी कर ग्रामीणों ने एक बदमाश को अपाचे बाइक के साथ पकड़ लिया। चार बदमाश भागने में सफल रहे।

भीड़ में लोगों ने बदमाश का हाथ पांव बांध पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। उसके पास से एक चाकू और पिस्टल के माडल का नकली गन बरामद किया गया। इमामपुर गांव निवासी श्रीराम सोनी झोले में गहने रख साइकिल से गांव -गांव फेरी लगाकर सोने चांदी के आभूषण बेचते हैं। शनिवार की दोपहर वह घर साइकिल से खेतासराय की तरफ जा रहे थे। उक्त विद्यालय के पास दो बाईकों से पांच की संख्या में बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। गहनों का झोला छीन रहे थे कि श्रीराम ने शोर मचा दिया। घटनास्थल के पास किराने की दुकान पर बैठे कुछ ग्रामीण ललकारते हुए मौके की तरफ दौड़े। सामने से भी गांव वालों को आता देख बदमाश झोला छोड़ भागने लगे। चार बदमाश तो भागने में सफल रहे। लेकिन एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसकी पिटाई शुरू कर दिया। वारदात स्थल पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सिकंदर राजभर बताया। वह आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव निवासी निकला। वहीो इस मामले में थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि आरोपित को हिरासत में लेकर छानबीन की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/विद्याकांत

   

सम्बंधित खबर