रज्जू भैया ने अपना जीवन राष्ट्र सेवा में समर्पित किया : प्रो.गिरीश चंद्र त्रिपाठी

प्रयागराज, 29 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) की इलाहाबाद विश्वविद्यालय इकाई द्वारा आरएसएस के चतुर्थ सरसंघचालक स्व. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) की जयंती पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि रज्जू भैया द्वारा किए गए कार्यों से आज भी हम सभी प्रेरित होते हैं। आज जहां एक ओर 'स्व' से प्रेरित हो व्यक्ति कार्य कर रहा है, वहीं रज्जू भैया ने अपना जीवन राष्ट्र सेवा में समर्पित कर दिया।

हिंदुस्तानी एकेडमी में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी (पूर्व कुलपति, बीएचयू एवं पूर्व अध्यक्ष, उच्चतर शिक्षा परिषद) ने आगे कहा कि परिवार, समाज व संस्था में एक सम्बंध होता है। इस सम्बंध को रज्जू भैया ने बखूबी निभाया है। रज्जू भैया ने जिस निःस्वार्थ भाव के साथ राष्ट्र सेवा का कार्य किया था, आज भी संघ के स्वयंसेवक उन कार्यों से सीख ले रहे हैं। कार्यक्रम में रज्जू भैया द्वारा किए गए कार्यों पर चर्चा की गई व उनके जीवन से अनेक उदाहरणों के माध्यम से युवाओं को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अशोक पाठक ने कहा कि प्रो.राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) का जीवन सदैव ही राष्ट्र के लिए समर्पित रहा एवं संगठन को सशक्त बनाने में कुशल संगठनकर्ता के रूप में उन्होंने अपनी महती भूमिका निभाई। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शिक्षक के रूप में अनेक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया एवं छात्रों को राष्ट्र सेवा के भाव से जोड़ा। उन्होंने राष्ट्र पुनर्निर्माण में रज्जू भैया द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख किया।

रज्जू भैया की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर प्रयाग उत्तर भाग के भाग प्रचारक राज्यवर्धन, विश्वविद्यालय नगर प्रचारक संदीप, विद्यार्थी कार्यवाह ओमकार, सह विद्यार्थी कार्यवाह नंदिश, कार्यक्रम संयोजक शिवांक समेत अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/राजेश

   

सम्बंधित खबर