मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने गुवाहाटी में 2.84 किमी लंबे फ्लाईओवर की रखी आधारशिला

- मुख्यमंत्री ने 14.67 करोड़ रुपये की अन्य परियोजनाओं का भी किया उद्घाटन

गुवाहाटी, 1 फरवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को गुवाहाटी-गढ़भांगा रोड (लोखरा रोड) पर साइकिल फैक्ट्री जंक्शन पर एक नए फ्लाईओवर की आधारशिला रखी। यह फ्लाईओवर लोखरा रोड पर बिरुबारी को लालगणेश से जोड़ेगा और इसके निर्माण पर 376 करोड़ रुपये खर्च होंगे। गुवाहाटी के लालगणेश में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने 14.67 करोड़ रुपये की अन्य विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया, जिसमें 24 सार्वजनिक शौचालय, 31 सामुदायिक भवन, 17 श्मशान और दो कब्रिस्तान शामिल हैं।

गुवाहाटी-गढ़भांगा रोड पर इस फ्लाईओवर के बनने से इलाके के लोगों को भारी जाम से राहत मिलेगी। इस फ्लाईओवर की लंबाई 2.84 किमी और चौड़ाई 12 मीटर के साथ तीन लेन होंगी। फ्लाईओवर का प्रारंभिक बिंदु आर्य नगर फ्लाईओवर के बाद ट्राई जंक्शन प्वाइंट होगा और अंतिम बिंदु लालगणेश बाजार से आगे होगा। इसमें साइकिल फैक्ट्री, बिष्णुपुर, बरशापारा क्रिकेट स्टेडियम और लाल गणेश मार्केट में जंक्शन होंगे। फ्लाईओवर से लोखरा, सरुसजाई, आईएसबीटी, बेतकुची, गोरचुक, जालुकबरी, लाल गणेश और उदालबाकरा से सिटी सेंटर की ओर और वापस जाने वाले लोगों के लिए यातायात की भीड़ कम होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/सुनील

   

सम्बंधित खबर