राज्यपाल ने एन.सी.सी. कैडेटों को पदक देकर किया सम्मानित

- युवाओं को प्रशिक्षित करने में एन.सी.सी. का योगदान सराहनीय

लखनऊ, 03 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को राजभवन के गांधी सभागार में नई दिल्ली में सम्पन्न राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस शिविर एवं परेड-2024 में सफलतापूर्वक सहभागिता कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एन.सी.सी. के कैडटों को पदक एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी पदक विजेता और नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस शिविर में सफलतापूर्वक प्रतिभाग करने वाले कैडेट्स को उनकी उपलब्धि और योगदान के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने एन.सी.सी. कैडेट के इस अलंकरण समारोह में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रशंसा की और कहा कि कार्यक्रम जोश, उत्साह और राष्ट्र प्रेम दर्शाने वाला था। उन्होंने उत्तर प्रदेश की समग्र छवि को प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम की विशेष सराहना की और एन.सी.सी. कैडेट्स को देश के अन्य राज्यों की समग्रता प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम भी राजभवन में प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया।

राज्यपाल ने युवाओं को प्रशिक्षित करने में एन.सी.सी. की विशेष सराहना की और कहा कि देश भक्ति के जज्बे के साथ यहाँ की संस्कृति, साहित्य, कला, उत्पादन, समाज कार्य जैसे विविध क्षेत्रों के ज्ञान से समग्र करके इन युवाओं को जो प्रशिक्षण एन.सी.सी. से आज प्राप्त हो रहा है, वे भविष्य में जब अपने सामाजिक जीवन से जुड़ेंगे तब उनके काम आएगा।

उन्होंने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री ने युवाओं को भारत का भविष्य बताया है। आने वाला भारत कैसा हो इसके लिए युवाओं के प्रशिक्षण के कई कार्यक्रम हो रहे हैं। युवाओं की गतिविधियाँ ही देश के भविष्य को बनायेंंगी। उन्होंने कहा कि युवाओं का दायित्व है देश को आगे ले जाना।

राज्यपाल ने युवाओं को सम्बोधित करते हुए माता-पिता के प्रति संवेदनशील रहने को प्रेरित किया और भारतीय परम्पराओं के अनुसार वृद्धावस्था में उनकी सेवा करने और परिवार में ही साथ में रखने को कहा। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम हमारी संस्कृति और परम्परा में नहीं हैं।

एन.सी.सी. कैडेट्स द्वारा प्रदर्शित विविधतापूर्ण कार्यक्रम की चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देश के विकास में लड़कियों को भी समग्रता से योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता लड़के, लड़कियों में फर्क न करें, बेटियाँ भी साहस के कार्य करें।

कार्यक्रम में एन.सी.सी. निदेशालय उत्तर प्रदेश से ए.डी.जी. मेजर जनरल विक्रम कुमार ने अपने सम्बोधन में कहा कि एन.सी.सी. का आदर्श वाक्य है ‘एकता और अनुशासन’।

आज के कार्यक्रम में गणतंत्र दिवस शिविर में उत्तर प्रदेश एन.सी.सी. निदेशालय के प्रतिभागी 122 कैडटों ने अपनी प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें 74 लड़के और 48 लड़कियाँ शामिल रहीं।

उत्तर प्रदेश के उनके उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व की मान्यता में, राज्यपाल ने छह कैडेटों को प्रतिष्ठित गवर्नर गोल्ड मेडल और छह को गवर्नर सिल्वर मेडल से सम्मानित किया। इसके अलावा, एनसीसी निदेशालय के 14 समर्पित स्टाफ सदस्यों को गणतंत्र दिवस शिविर के दौरान नई दिल्ली में गहन प्रतिस्पर्धा के लिए इन कैडेटों को तैयार करने में उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में एन.सी.सी. के पदाधिकारी, कैडेट्स तथा राजभवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/मोहित

   

सम्बंधित खबर