वडोदरा : मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले नजरबंद किए गए कांग्रेस नेता

-हरणी बोट कांड पर मुख्यमंत्री के समक्ष विरोध जताने की थी आशंका

वडोदरा, 4 फ़रवरी (हि.स.)। वडोदरा में रविवार को एमएस यूनिवर्सिटी के 72वें दीक्षांत समारोह से पूर्व कांग्रेस के दो नेताओं को पुलिस ने नजरबंद कर किया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संभावित विरोध को देखते हुए पुलिस कांग्रेस नेताओं पर नजर रख रही है। कांग्रेस शहर प्रमुख ऋत्विक जोशी और एक अन्य नेता को सुबह कमाटीबाग में मॉर्निंग वॉक करने के दौरान पकड़कर वैन में बिठाया गया।

जानकारी के अनुसार रविवार को मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के वडोदरा में कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस पहले से अलर्ट है। वडोदरा में 18 जनवरी को हरणी लेक में बोट पलटने से 12 बच्चों समेत 14 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर कांग्रेस के विरोध की आशंका को लेकर पुलिस पहले से अलर्ट थी। कांग्रेस नेताओं पर पहले से नजर रखा जा रहा था। इस बीच कमाटीबाग में मॉर्निंगवॉक पर निकले कांग्रेस शहर प्रमुख ऋत्विक जोशी को स्थानीय पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जोशी ने बताया कि गुजरात के मुख्यमंत्री के वडोदरा के कार्यक्रम को लेकर क्राइम ब्रांच शनिवार रात से ही उनके घर के पहरा लगाया गया था। रविवार सुबह वे घर से कमाटीबाग की ओर मॉर्निंगवॉक के लिए निकले तो पुलिस भी उनके पीछे-पीछे दौड़ रही थी। जोशी ने कहा कि 12 बच्चों की मौत के बाद भी मुख्यमंत्री उनके परिवारवालों से मिलने नहीं गए। वे निर्दोष बच्चों के परिवारवालों के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/सुनील

   

सम्बंधित खबर