भाजपा के गांव चलो अभियान का शुभारम्भ वाराणसी में 09 फरवरी से

-अभियान के तहत वाराणसी जिले व महानगर के सभी मंडलों में कार्यशाला

वाराणसी, 04 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का रविवार से पूरे देश में गांव चलो अभियान का आगाज हुआ। यह अभियान आगामी 11 फरवरी तक चलेगा। वाराणसी में यह अभियान 9, 10 व 11 फरवरी को चलाया जाएगा। गांव चलो अभियान को लेकर रविवार को वाराणसी जिले व महानगर के सभी मंडलों में कार्यशाला का आयोजन कर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को गांव में प्रवास के दौरान कार्य करने का तरीका बताया गया।

उत्तरी विधान सभा क्षेत्र के धूपचण्डी मंडल की कार्यशाला में काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने गांव चलो अभियान के तहत 24 घण्टे प्रवास के दौरान करणीय कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत गांवों में जनता से 24 घंटे प्रवास के माध्यम से सम्पर्क करना है। उन्होंने कहा कि अभियान बूथ स्तर पर लोगों से सीधे जुड़ने का माध्यम बनेगा। केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार की योजनाओं के साथ आत्मनिर्भर भारत, विश्व का नेतृत्व करने वाले भारत, चन्द्रमा तथा सूर्य को मापने वाला भारत, सांस्कृतिक, आर्थिक, सामरिक सार्मथ्यवान भारत के साथ जनसंवाद का माध्यम बनेगा। पटेल ने कहा कि गांव चलो अभियान व्यापक ग्राम सम्पर्क व जनसम्पर्क का अभियान है। हमें इस अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति से सम्पर्क, प्रत्येक लाभार्थी से सम्पर्क करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा करना है। राजनैतिक दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ लिए गए सरकार के निर्णयों पर भी संवाद करना है। गांव प्रवास के दौरान स्वच्छता अभियान, शहीदों के परिजनों का सम्मान, खिलाड़ियों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों सहित विभिन्न कार्य क्षेत्रों से जुडे़ लोगों से सम्पर्क करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत नमो ऐप पर विकसित भारत एम्बेसडर बनाने का भी काम करना है।

पार्टी के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी के अनुसार भाजपा नेतृत्व ने गांव चलो अभियान का काशी क्षेत्र का संयोजक अशोक चौरसिया, वाराणसी जिले का संयोजक जिला उपाध्यक्ष दिनेश मौर्या, महानगर का संयोजक महानगर उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा को बनाया है।

-मंडलों की कार्यशालाओं में शामिल हुए माननीय

गांव चलो अभियान के तहत मंडलों की कार्यशालाओं में रामनगर मंडल में एमएलसी अश्वनी त्यागी, महामना एवं डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल में महापौर अशोक तिवारी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल में जिला व महानगर के प्रभारी एमएलसी अरुण पाठक, काशी विश्वनाथ व मध्यमेश्वर मंडल में पूर्व मंत्री व शहर दक्षिणी विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, सारनाथ मंडल में महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, छावनी व कैन्ट मंडल में विधायक सौरभ श्रीवास्तव आदि ने भागीदारी की।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/आकाश

   

सम्बंधित खबर