एक राष्ट्र एक चुनाव पर चर्चा में शामिल होने दिल्ली जाएंगी ममता

कोलकाता, 5 फरवरी (हि.स.) । पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नेतृत्व में बनी एक राष्ट्र एक चुनाव समिति की बैठक में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दिल्ली जा रही हैं। आज सोमवार को वह विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत में शामिल होने के बाद शाम के समय दिल्ली रवाना हो जाएंगी। कल मंगलवार को यह बैठक होनी है।

एक साथ चुनाव की अवधारणा से असहमति व्यक्त करते हुए, बनर्जी ने पिछले महीने उच्च स्तरीय समिति को पत्र लिखा था कि यह भारत की संवैधानिक व्यवस्था की बुनियादी संरचना के खिलाफ होगा।

हालांकि, राज्य के लिए केंद्रीय निधि जारी करने की मांग को लेकर आयोजित धरने के दौरान बनर्जी ने कहा कि वह ''एक राष्ट्र एक चुनाव'' पर बैठक के संबंध में पांच फरवरी को दिल्ली का दौरा करेंगी।

उन्होंने कहा, उन्होंने एक विशेषज्ञ समिति बनाई है और उस पर मेरी राय मांगी है।

बनर्जी की दिल्ली यात्रा कांग्रेस के साथ उनकी पार्टी के संबंधों में स्पष्ट तनाव के बीच हो रही है। ममता ने पहले ही घोषणा कर दी है कि उनकी पार्टी राज्य में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने आम चुनावों में देश भर में 40 सीटें हासिल करने की कांग्रेस की क्षमता पर भी संदेह जताया।

अपने दिल्ली दौरे के संबंध में ममता ने कहा है, मैं एक दिन के लिए दिल्ली जाऊंगी, लेकिन राजनीति के लिए नहीं। पांच फरवरी की शाम को मैं दिल्ली जाऊंगी और छह फरवरी की दोपहर समिति की बैठक के बाद शाम को लौटूंगी। राज्य का बजट आठ फरवरी को विधानसभा में पेश किया जाएगा।

पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के नेतृत्व वाली समिति को मौजूदा संवैधानिक ढांचे को ध्यान में रखते हुए लोकसभा, राज्य विधानसभाओं, नगर पालिकाओं और पंचायतों के लिए एक साथ चुनाव कराने के लिए सिफारिशें करने का काम सौंपा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश

   

सम्बंधित खबर