लोकतंत्र सेनानी आनन्द कृष्ण का निधन

सुलतानपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। लोकतंत्र रक्षक सेनानी एवं वरिष्ठ पत्रकार आनंद कृष्ण जायसवाल (84) का सोमवार की दोपहर निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। स्वर्गवास होने की खबर पर उनके चाहने वालों में शोक की लहर है।

श्री जायसवाल गोंडा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक और अधिवक्ता भी रहे हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि नगर के बढ़ैयावीर निवासी श्री जायसवाल आपातकाल के समय में 22 माह तक सुलतानपुर, लखनऊ व बरेली जेल में बन्द रहे। वह अधिवक्ता के साथ काफी दिनों तक तरुण भारत व दैनिक आज आदि समाचार पत्रों के माध्यम से पत्रकारिता से भी जुड़े रहे। उनका विशेष रुझान पेंटिंग व कविता लेखन में भी रहा।

नवगठित भाजपा के जिला महामंत्री के साथ वह सदर विधानसभा से भाजपा के टिकट से चुनाव भी लड़ चुके थे। वे वनवासी कल्याण आश्रम, आर्य समाज, चिन्मय मिशन आदि संगठनों से भी जुड़े रहे। छह माह पूर्व उनकी धर्मपत्नी राज दुलारी का भी निधन हुआ था। श्री जायसवाल अपने पीछे भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं। इनके सबसे बड़े भाई श्री रामकृष्ण जायसवाल भी प्रवक्ता, पत्रकार एवं लोकतंत्र रक्षक सेनानी रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/दयाशंकर/दीपक/राजेश

   

सम्बंधित खबर