मेहमान बनकर घर में घुसे बदमाशों ने चाय-नाश्ता करने के बाद की लूटपाट, महिला को किया घायल

हरिद्वार, 05 फ़रवरी (हि.स.)। घर में मेहमान बनकर घुसे बदमाशों ने दिनदहाड़े महिला को आतंकित कर जेवर, नकदी और मोबाइल आदि लूट लिए। आरोपित वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।

इस दौरान बदमाशों ने महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को उपचार के सिविल अस्पताल रुड़की ले जाया गया, जहां महिला की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वारदात को अंजाम देने वाले युवक परिचित बताए गए हैं।

आज सुबह करीब 10.30 बजे दो बदमाश पुरानी तहसील रुड़की स्थित नकली चाय वाली गली में विपिन गोयल के मकान में घुस गए। घर में उनकी पत्नी रेखा अकेली थी। बदमाशों ने महिला को धमकाते हुए उससे जेवर और नकदी देने को कहा। महिला ने विरोध किया तो बदमाशों ने कुंडल, नकदी और मोबाइल आदि लूट लिया। महिला द्वारा अधिक विरोध करने पर बदमाशों ने धारदार हथियार से उसके गले पर वार कर दिया, जिस कारण से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सिविल अस्पताल भिजवाया। महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। महिला के पति विपिन ने बताया कि उसकी पत्नी ने बताया कि दोनों लोगों में एक उनका रिश्तेदार था और एक अन्य उसके साथ अंजान युवक था। दोनों घर आए तो उन्हें चाय नाश्ता भी करवाया, लेकिन अचानक उन्होंने लूटपाट शुरू कर दी और विरोध करने पर महिला को घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर