महिलाएं समाज के रीढ़ की हड्डी होती हैं : वानति श्रीनिवासन

 स्मार्ट सिटी महिला सम्मेलन

--सरकार ने महिलाओं को हर सेक्टर में बढ़ावा दिया : प्रो. रीता बहुगुणा जोशी

--प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति को पूरी दुनिया में नई पहचान मिली : अभिलाषा गुप्ता

प्रयागराज, 07 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी महानगर के तत्वावधान में आयोजित स्मार्ट सिटी महिला सम्मेलन इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन सभागार में किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती वानति श्रीनिवासन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व उप्र के मुख्यमंत्री योगी द्वारा चलाये गए योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाएं समाज के रीढ़ की हड्डी होती हैं। वह समर्पित, संवेदनशील, और सहानुभूति से भरी होती हैं। उनकी सकारात्मक ऊर्जा और साहस समाज को उन्नति की दिशा में आगे बढ़ाती है। महिलाओं का समाज में अहम योगदान है। उनके द्वारा आत्मनिर्भरता, उच्च शिक्षा, और सामाजिक परिवर्तन की ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है।

मुख्य अतिथि ने आगे कहा कि हालांकि बहुत से समाज में महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक, और सांस्कृतिक अधिकारों की सीमाएं होती हैं। हमें इन सीमाओं को तोड़ने के लिए समर्थ होना चाहिए। आज, हमें महिलाओं के प्रति समानता और सम्मान की दिशा में कदम उठाना चाहिए। उन्हें अधिक शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर प्रदान किए जाने चाहिए। अतः, हम सभी को महिलाओं के सम्मान और समानता के प्रति आदर्श बनने का कार्य करना चाहिए। महिलाओं को सशक्त बनाने से ही हमारा समाज समृद्धि और प्रगति की दिशा में अग्रसर हो सकेगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण योजना के तहत महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण और व्यापारिक योजनाओं के लिए समर्थ किया जाता है। महिला सुरक्षा योजनाः इस योजना का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों की संरक्षा करना है। इसमें महिला शक्ति दल (महिला पुलिस) की स्थापना, हेल्पलाइन सुविधा, और अन्य सुरक्षा सम्बंधित उपाय शामिल हैं। महिला आरोग्य योजना महिलाओं के स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए है। इसमें मातृत्व सहायता, निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं, और जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रम शामिल हैं।

सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि हमारी सरकार ने महिलाओं को हर सेक्टर में बढ़ावा दिया है और भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं को बोझ नहीं बल्कि शक्ति का प्रतीक माना है। उन्हें स्वाभिमान के साथ जीने का मौका दिया है। उन्होंने कहा मोदीजी 3 करोड़ महिलाओं को लखपति योजना से जोड़ेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा नम्रता चौरसिया एवं पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने कहा कि देश की महिलाएं अपने संविधान को जानें तभी महिलाओं का सम्पूर्ण विकास होगा। उन्होंने कहा कि मोदीजी का विजन है देश की नारी शक्ति के अगुवाई में भारत का विकास हो।

कार्यक्रम की संयोजक पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, ऊर्जा और समन्वय के स्वरुप में सर्वोच्च स्थान मिला है। आदि काल से ही मातृशक्ति के उपासना की परम्परा रही है। हमारे शास्त्रों में कहा गया है “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता“ यानि जहां पर नारी की पूजा होती हैं वहां देवताओं का निवास होता है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की नारी शक्ति को पूरी दुनिया में एक नई पहचान मिली है। चाहे वह विज्ञान का क्षेत्र, खेल का क्षेत्र, स्वरोजगार का क्षेत्र, राजनैतिक क्षेत्र हो। प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं को प्रगति के नये अवसर प्राप्त हो रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में “सशक्त महिला-सशक्त भारत“ की परिकल्पना साकार हो रही है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र ने कहा कि हमारी सरकार ने नारी शक्ति का सम्मान किया और पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश की सरकार महिलाओं को सुविधा सुरक्षा और सम्मान प्रदान किया है। सरकार ने उन्हें स्वाभिमान के साथ जीने का हक भी दिया और नारी शक्ति को भारत विकास की यात्रा में अग्रणी स्थान दिया है। उन्होंने कहा कि शक्ति वंदन अभियान के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूह एवं एनजीओ के क्षेत्र में कार्य करने वाली बहनों को भाजपा के साथ जोड़ने के लिए कार्य योजना बनाई, जिससे सभी जन कल्याणकारी योजनाएं उन तक पहुंच सके।

इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने उपस्थित महिलाओं को सरकार के योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर मोदी सरकार के महिलाओं के लिए लाई गई सभी योजनाओं को लेकर बनाई गई फिल्म को दिखाया गया। कार्यक्रम संयोजक आनंद जायसवाल रहे औरं संचालन चंद्रशेखर ओझा एवं ओपी द्विवेदी ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/पदुम नारायण

   

सम्बंधित खबर