गाय के अवशेष छोड़कर भागे गौ-तस्कर, पुलिस ने 150 किलो मीट-धारदार हथियार किया जब्त

भरतपुर, 9 फ़रवरी (हि.स.)। डीग जिले की कामां थाना पुलिस ने अकाता गांव से 150 किलो गोमांस जब्त किया है। गौ तस्कर गाय की हत्या कर रहे थे, तभी पुलिस को सूचना मिली। पुलिस जंगल में पहुंची, लेकिन गौ तस्कर पुलिस को देखकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर गौ तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसके अलावा गाय के अवशेष का मेडिकल करवाकर दफना दिया।

घटना कामां थाना इलाके अकाता गांव की है। पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि कुछ गौ तस्कर गोवंश को मार रहे हैं। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जैसे ही गौ तस्करों ने पुलिसकर्मियों को देखा तो वे मौके से भाग गए। पुलिस ने मौके से 150 किलो मीट, कुल्हाड़ी, छुरा, तराजू, बांट जब्त किया। पुलिस ने मौके पर ही पशुओं के डॉक्टर को बुलाया और अवशेष का मेडिकल करवाकर दफना दिया। पुलिस ने गौ तस्करों की पहचान अकाता निवासी मुस्ताक, साहुन, तैयब के रूप में की है। फिलहाल पुलिस ने गौ तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में लग गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर