जलगांवः गोलीबारी में घायल पूर्व पार्षद की इलाज के दौरान मौत

मुंबई, 10 फरवरी (हि.स.)। जलगांव जिले के चालीसगांव में हुई गोलीबारी में घायल भाजपा से जुड़े पूर्व पार्षद महेंद्र उर्फ बालू मोरे की बीती रात इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस को अभी तक हमलावर का सुराग नहीं मिला है।

पुलिस के अनुसार महेंद्र उर्फ बालू मोरे बुधवार शाम चालीस गांव स्थित शिंदे कालोनी के अपने कार्यालय में थे, उसी समय कार सवार तकरीबन सात बदमाश उनके कार्यालय में पहुंचे और महेंद्र मोरे पर अंधाधुंध फायरिंग कर बदमाश फरार हो गए। महेंद्र को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां बीती रात महेंद्र मोरे की इलाज के दौरान मौत हो गई।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में पिछले दस दिनों में राजनीतिक दलों के नेताओं पर फायरिंग की तीन घटनाएं हो चुकी हैं। उल्हासनगर में विधायक ने शिंदे समूह के नेता पर पुलिस स्टेशन में फायरिंग कर दी थी। इस घटना में घायल नेता का ठाणे के अस्पताल में इलाज हो रहा है। जबकि दहिसर में एक समाजसेवी ने उद्धव ठाकरे समूह के नेता को अपने आफिस में बुला कर गोली मारने के बाद खुद पर भी गोली चलाकर आत्महत्या कर ली थी। इसी तरह जलगांव के चालीस गांव में भाजपा नेता की गोली लगने से मौत हो चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर/संजीव

   

सम्बंधित खबर