साइकिल से करेंगे द्वादश ज्योतिर्लिंग-अयोध्या की यात्रा

जयपुर, 10 फ़रवरी (हि.स.)। विश्व शांति, सनातन धर्म के विस्तार, राष्ट्र निर्माण और कन्या शिक्षा के लिए राजधानी के ग्यारह लोग महाशिवरात्रि को साइकिल पर राम दरबार सजाकर द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन करते हुए अयोध्या के श्री राम मंदिर के लिए रवाना होंगे। इस साइकिल यात्रा को आराध्य के दर्शन का नाम दिया गया है।

यात्रा से जुड़े दिवाकर श्रीवास्तव ने बताया कि साइकिल यात्रा 8 मार्च को चौड़ा रास्ता स्थित ताडक़ेश्वर मंदिर से दोपहर 12 बजे रवाना होगी। इसमें राम रथ को चलाने वाले ग्यारह राम सेवक और चार सहायक होंगे। राम दरबार को साइकिल पर विराजमान किया जाएगा। इसके लिए विशेष डिजाइन बनाई जा रही है। राम सेवक बारी-बारी साइकिल चलाएंगे।

रोजाना 150 से 200 किलोमीटर की यात्रा का लक्ष्य रखा गया है। रात्रि विश्राम हनुमान मंदिर में किया जाएगा। प्रतिदिन यात्रा मंगला आरती से शुरू होगी और रात्रि को शयन आरती के साथ संपन्न होगी। साइकिल के साथ चलने वाले वाहनों में भोजन बनाने का सामान होगा। यात्रा की दूरी लगभग 12 हजार किलोमीटर है।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश/संदीप

   

सम्बंधित खबर