जगदलपुर : रेंज स्तरीय अंतर जिला पुलिस खेल-कूद प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

प्रतियोगिता

जगदलपुर, 10 फरवरी (हि.स.)। बस्तर आईजी सुन्दरराज पी. के निर्देशन में दो दिवसीय रेंज स्तरीय अंतर जिला पुलिस खेल-कूद प्रतियोगिता वर्ष 2024 का आयोजन संभाग मुख्यालय जगदलपुर में किया गया है। बस्तर संभाग के सात जिलों से आये पुलिस खिलाड़ियों के मार्च पास्ट के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ आज शनिवार को किया गया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बस्तर, महेश्वर नाग के द्वारा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।

रेंज स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता में फुटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, कबड्डी एवं अन्य 23 विभिन्न खेलों में पुरुष और महिला वर्ग की प्रतिस्पर्धा आयोजित की जा रही है। जिसमें बस्तर, कोण्डागांव, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा एवं दन्तेवाडा जिला से आये 500 से अधिक पुलिस खिलाड़ियों की प्रतियोगिता इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम एवं धरमपुरा क्रीडा परिसर में आयोजित की जा रही है। जिसका समापन 11 फरवरी 2024 को क्रीडा परिसर धरमपुरा में किया जायेगा। रेंज स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित पुलिस खिलाड़ियों की अगली प्रतियोगिता राज्य स्तर पर भिलाई में की जाएगी। इस दौरान पुलिस विभाग से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बस्तर माहेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक जगदलपुर विकास कुमार, उप पुलिस अधीक्षक नितेश गौतम, गीतिका साहू, संतोष जैन एवं पुलिस अधिकारी व शिक्षा विभाग के खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर