दिव्यांग सामूहिक विवाह : शानोशौकत से निकली बिंदोली, सामूहिक शादी 11 को

दिव्यांग सामूहिक विवाह : शानोशौकत से निकली बिंदोली, सामूहिक शादी 11 को

उदयपुर, 10 फ़रवरी (हि.स.)। नारायण सेवा संस्थान की ओर से निर्धन एवं दिव्यांग युवक- युवतियों का 41वां दो दिवसीय सामूहिक विवाह समारोह शनिवार को उदयपुर में स्थित सेवामहातीर्थ में गणपति स्थापना के साथ आरंभ हुआ। शाम साढे पांच बजे नगर निगम प्रांगण से 51 जोड़ों की बैण्डबाजों के साथ सजी-धजी बग्घियों में बिंदोली निकली। जोड़े रविवार 11 फरवरी को परिणय सूत्र में बंधेंगे।

संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम प्रांगण से निकली बिन्दोली सूरजपोल, बापू बाजार, देहली गेट होते हुए पुनः नगर निगम परिसर पहुंची। बिन्दोली के स्वागत के लिए मार्ग में विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों की ओर से स्वागत द्वार व जलपान के काउंटर लगाए गए थे। बिंदोली को संस्थापक चेयरमैन कैलाश ’मानव’, अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल, वंदना अग्रवाल, कमला देवी अग्रवाल, देवेंद्र चौबीसा एवं कन्यादानियों ने बिंदोली को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आतिशबाजी भी की गई। बिन्दोली में दूल्हा-दुल्हनों की बग्घियों की कतार के आगे बड़ी संख्या में अतिथि व संस्थान के साधक-साधिकाएं बैंड की मधुर धुन पर नाचते-झूमते चल रहे थे।

इससे पहले, प्रातःकालीन सत्र में गणपति वंदना के बाद पारंपरिक सुमधुर संगीत पर हल्दी और मेहंदी की रस्म हुई। समारोह के विशेष अतिथि पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा, अमेरिका के सोहन चड्डा, केन्या मुम्बासा के कुंवरभाई, मुंबई के महेश अग्रवाल व गोपाल खेतान, उड़ीसा के आनंद परतानिया सहित सैकड़ो दानवीर भामशाहों और कन्यादानियों का सम्मान किया गया।

सभी 51 जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार रविवार प्रातः 11 बजे संस्थान के बड़ी ग्राम स्थित परिसर में परंपरागत रस्मों के साथ होगा। सभी जोड़ों को विदाई के साथ गृहस्थी का सामान उपहार में भेंट किया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनीता कौशल/संदीप

   

सम्बंधित खबर