दिल्ली की सरकार किसानों की आवाज दबा रही है : अखिलेश यादव

लखनऊ, 13 फरवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों के आन्दोलन करने को सही ठहराते हुए केन्द्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए एक सवाल के जवाब में कहा कि दिल्ली सरकार किसानों की आवाज दबा रही है। दिल्ली सरकार ने किसानों की मांग नहीं मान रही है।

अखिलेश ने केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बड़े लोगों से दिल्ली की सरकार मिली हुई है। सरकार किसानों को एमएसपी देना नहीं चाहती है। जबकि सरकार उनकी आय दुगुनी करने की बात कहती है। किसानों के आंदोलन को खत्म करने के लिए कीलों से लेकर न जाने कितनी दीवारें खड़ी की गई। दिल्ली की सरकार जानबूझकर किसानों की आवाज दबाना चाहती है।

एक सवाल का जवाब देते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत में हर जगह भगवान के मंदिर हैं। यूरोप, अमेरिका चले जाएं भगवान कृष्ण के न जाने कितने मंदिर आपको मिलेंगे। भारत धर्मो का देश है, लेकिन विवेकानंद जी ने कहा कि हमारे देश में धर्म की कमी नहीं है लेकिन रोटी और रोजगार कब मिलेगी।

सपा अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश की सरकार पर भर्ती के सवाल पर तंज कसते हुए कहा कि यूपी में बार-बार पेपर लीक हो रहे हैं। पेपर लीक होने के बाद भी जांच नहीं हो रही है। हर बार पेपर लीक होने पर एक ही संस्था से पेपर कराना और एक संस्था से जांच कराया जाना। आखिर जांच में क्या कार्रवाई हो रही है, यह सवाल खड़े करती है।

हिन्दुस्थान समाचार/मोहित/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर