भाजपा सरकार ने मैनपुरी के साथ सौतेला व्यवहार किया : डिंपल यादव

नुक्कड़ सभा में बोलती डिंपल यादव, उपस्थित जनता

मैनपुरी, 10 अप्रैल (हि.स.)। मैनपुरी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) की प्रत्याशी डिंपल यादव ने बुधवार को चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा।

किशनी विधान सभा के ग्राम पंचायत इलाबास पहुंच कर सपा प्रत्याशी डिम्पल यादव ने नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता यह क्यों नहीं बताते कि सरकार में विकास के नाम पर जिले में क्या किया है। भाजपा सरकार में मैनपुरी के साथ सौतेला व्यवहार किया गया है।

सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि इस बार भी मैनपुरी नेताजी को ही सम्मान देगी। मैनपुरी के लोगों ने नेताजी के विकास को देखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नफरत फैलाने का काम करती है। जिले में दिखने वाला विकास सपा शासन में ही हुआ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों की सरकार है। इस सरकार से हमारे किसान भाईयों को बहुत परेशानी हो रही है। आवारा पशुओं से हमारे किसान भाई परेशान हैं। सरकार ने गौशाला केवल नाम के लिए खोले हैं। इस समय देश में इमरजेंसी जैसा माहौल बना हुआ है। सरकार लोगों को गुमराह कर रही है। जो भी अपनी आवाज उठाता है उसे जेल में डाल देती है।

डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। पहले पुलिस परीक्षा कराती है, फिर पेपर लीक कर देती है। सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि मैनपुरी की जनता भाजपा की गलत नीतियों को समझ चुकी है। इस बीच उनके साथ पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव, विधायक बृजेश कठेरिया आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/जेपी शाक्य/राजेश

   

सम्बंधित खबर