पीएससी के प्रश्नों में गड़बड़ी, क्या भाजपा नेताओं के परिजनों के चयन की भी जांच होगी? : कांग्रेस

रायपुर, 17 फ़रवरी (हि.स.)। राज्य लोकसेवा आयोग की 2023 के प्रीलिम्स के प्रश्नपत्रों में पांच सवालों में हुई गड़बड़ियों की भी भाजपा सरकार जांच करायेगी क्या? प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पीएससी ने सवालों के लिये जो मॉडल उत्तर जारी किया है उसमें पांच सवालों के जवाब सही नहीं है, सरकार इन सवालों के जवाबों की गड़बड़ियों की जांच कराये। इतनी बड़ी संख्या में प्रश्नों के उत्तर में गलती बड़े षड़यंत्रों की ओर इशारा करता है।

गलत उत्तरों को सही बता कर नतीजों को प्रभावित तो नहीं किया जा रहा है, इसकी जांच की जानी चाहिये। साथ ही जिन मॉडल उत्तर पर सवाल उठ रहे है, उस पर आयोग को विचार कर छात्रों की समस्या का समाधान करना चाहिए। प्रश्न विगत वर्षों की अपेक्षा उतने त्रुटिपूर्ण नहीं थे परंतु उत्तरों की विसंगतियों को दूर करना उचित होगा क्योंकि प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्रों के लिये दशमलव के अंक भी उनके भविष्य का निर्धारण करते है।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा ने अपनी राजनीति करने के लिये पीएससी के चयन पर अनर्गल आरोप लगाया था। भाजपा के आरोप थे कि नेताओं, अधिकारियों के बच्चों का चयन पीएससी में कैसे हो गया जबकि राज्य की पीएससी में सिविल जज की परीक्षा में भाजपा नेताओं के रिश्तेदारों का भी चयन हुआ है। भाजपा बताएं सीजीपीएससी के सिविल जज की परीक्षा में मंत्री केदार कश्यप की भतीजी एवं पूर्व विधायक भाजपा नेत्री लक्ष्मी बघेल एवं अधिकारियों के बच्चों का चयन होना भी घोटाला है? भाजपा को सीजीपीएससी के परीक्षा में नेताओं एवं अधिकारियों के बच्चों के चयन होने पर आपत्ति था। विपक्ष में रहते भाजपा ने सीजीपीएससी की पारदर्शिता पर सवाल उठाए थे और युवाओं को भड़काने के लिए झूठे आरोप लगाकर आंदोलन किया था आज वहीं भाजपा अपने नेताओं के भतीजी पुत्र, पुत्री के चयन पर मौन क्यों है? भाजपा का यह दोगला चरित्र प्रदेश के युवा देख लिए हैं। अब भाजपा प्रदेश के युवाओं को भाजपा नेताओं के बच्चों के चयन पर जवाब देना चाहिए? भाजपा नेताओं में नैतिकता नाम की चीज है, तो वो सीजीपीएससी के परीक्षा में पूर्व में चयनित उम्मीदवारों से एवं प्रदेश के युवाओं से माफी मांगे या सीजीपीएससी के, जज के परिणाम को भी सीबीआई को सौंप कर जांच करने की हिम्मत दिखाए।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल

   

सम्बंधित खबर