वडोदरा बोट दुर्घटना : धर्मिन भटाणी का 6 दिन का रिमांड मंजूर

वडोदरा

-दुर्घटना के एक महीना पूरा होने पर सामाजिक कार्यकर्ता ने दी अनोखी श्रद्धांजलि

वडोदरा, 18 फरवरी (हि.स.)। वडोदरा के हरणी लेक बोट दुर्घटना के आरोपित धर्मिन भटाणी को 6 दिन का पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। धर्मिन को शनिवार को अहमदाबाद हवाईअड्डे से पकड़ा गया था। पुलिस ने रविवार को कोर्ट में पेश कर 14 दिन का रिमांड मांगा, जिस पर कोर्ट ने 6 दिन का रिमांड मंजूर किया। हरणी बोट दुर्घटना 18 जनवरी को हुआ था, जिसमें 12 स्कूली बच्चों समेत 2 शिक्षकों की मौत हो गई थी।

हरणी बोट दुर्घटना के बाद आरोपित धर्मिन भटाणी पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए सिंगापुर और बैंकॉक भाग गया था। पुलिस ने उसकी ट्रावेल्स हिस्ट्री के आधार पर उसके विदेश में होने की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई शुरू की। उसके क्रेडिट कार्ड बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया। इसके बाद वह वापस लौट आया। जानकारी के अनुसार 18 जनवरी को बोट दुर्घटना के बाद रात्रि 11 बजे की फ्लाइट से वह सिंगापुर चला गया था। धर्मिन भटाणी कोटिचा प्रोजेक्ट में 5 फीसदी का पार्टनर था। मामले में दो दिन पूर्व मुख्य आरोपित परेश शाह का पुत्र वत्सल शाह, पुत्री वैशाखी शाह और पत्नी नूतन शाह को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। इनमें वत्सल शाह को 6 दिन जबकि वैशाखी शाह और नूतन शाह को 4-4 दिन का रिमांड मंजूर किया गया था। तीनों आरोपित अभी पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस ने अभी तक 20 आरोपितों को गिफ्तार किया है। इनमें नयन गोहिल, भीमसिंह यादव, शांतिलाल सोलंकी, अंकित वसावा, वेदप्रकाश यादव, रश्मिकांत प्रजापति, बिनीत कोटिचा, गोपालदास शाह, परेश शाह, जतीन दोशी, तेजल दोशी, नेहा दोशी, निलेष दोशी, अल्पेश भट्ट, दिपेन शाह, धर्मिल शाह, वत्सल शाह, वैशाखी शाह, नूतन शाह और धर्मिन भटाणी के नाम शामिल हैं।

जमीन पर लुढ़कर दी श्रद्धांजलि

हरणी बोट दुर्घटना में 12 मासूम बच्चे समेत कुल 14 लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई थी। इस घटना को पूरे एक महीने हो गए हैं। दुर्घटना में स्कूल प्रशासन और वडोदरा महानगर पालिका की लापरवाही साफ उजागर हुई है। इसके बावजूद अधिकारियों और स्कूल संचालकों पर कार्रवाई करने में प्रशासन बच रहा है। इसी मांग को लेकर रविवार को सामाजिक कार्यकर्ता अतुल गामेची अर्द्धनग्न हो गए और सीने पर न्याय दो लिखकर हरणी लेक जोन के मुख्य गेट से गुलाटी मारते हुए दुर्घटना स्थल तक पहुंचे। यहां उन्होंने सभी मृतकों की तस्वीर पर फूल-हार अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। गामेची ने कहा कि हरणी बोट दुर्घटना में कलक्टर ने सरकार को रिपोर्ट सौंपी है। सरकार ने इस रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया है। घटना के लिए वडोदरा महानगर पालिका जिम्मेदार है। जानकारी के अनुसार महानगर पालिका के 6 अधिकारियों को नोटिस दी गई है। एक अधिकारी को निलंबित किया गया है। जबकि स्कूल संचालक के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/आकाश

   

सम्बंधित खबर