शिवपुरी के जंगल में मिली सैकड़ों गायों की लाशें

-कैसे मरी, कहां से आईं कुछ पता नहीं, प्रशासन जांच में जुटा

शिवपुरी, 18 फरवरी (हि.स.)। शिवपुरी जिले के करैरा तहसील के ग्राम सिल्लरपुर में एक हैरत में डालने वाला नजारा देखने में आया है। यहां करैरा तहसील के ग्राम सिल्लरपुर में सैकड़ों गायों के शव जंगल में पड़े हैं। कुछ गाएं जिंदा भी हैं। ये गौवंश शिवपुरी झांसी राजमार्ग से महज पांच सौ मीटर को दूरी पर आरक्षित वन भूमि पर है। इतनी बड़ी संख्या मृत गाएं देखकर ग्रामवासी हैरान परेशान हैं। ये कहां से आईं, कैसे आईं किसी को कानों कान खबर नहीं लगी। ऐसी शंका जताई जा रही है कि गाएं, शहरी क्षेत्र से डंपरों से लाकर रात के समय यहां लाई गई हैं। झांसी यहां से नजदीक है, इसलिए आशंका है कि ये वहीं से लाई गई हैं।

मामले में अब ग्राम सिल्लरपुर के सरपंच अरविंद लोधी का कहना है कि चार से पांच सौ गाएं मौके पर पड़ी हैं। ये कहां से लाई गईं कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि इन गायों के शव देखकर गांव वाले खुद हैरान हैं। वहीं, करैरा से दो किमी दूर हाईवे से ग्राम सिल्लापुर में गायों के शव की सूचना के बाद अब प्रशासन ने जांच की बात कही है। बताया जा रहा है कि मृत गायों के पेट से पॉलीथिन निकल रही हैं। इस मामले में पशुपालन विभाग के उपसंचालक डॉ एमसी तमौरी ने कहा कि यह गायें किसी गौशाला की नहीं है फिर भी मामले की जांच कराई जा रही है।

हिंदुस्थान समाचार/रंजीत/मयंक/आकाश

   

सम्बंधित खबर