पार्टी अनुशासन का हर हालत में पालन करना होगा: भूपेन बोरा

गुवाहाटी, 20 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने कांग्रेस नेताओं को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि वे पार्टी अनुशासन का हर हालत में पालन करें। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता लक्ष्मण रेखा को पार नहीं करें। कोई भी नेता पार्टी से बड़ा नहीं हो सकता है, इसीलिए पार्टी की हित में ऐसे सभी नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जो इस चुनाव के मौके पर पार्टी को संकट में डालने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आज एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद यहां मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कई संकट की घड़ियां देखी है। 1983 से 1993 तक 700 से ज्यादा कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मारे गए थे। कांग्रेस का कोई झंडा उठाने वाला तक नहीं सामने आ रहा था। लेकिन, पार्टी फिर से 1991 में सत्ता में लौटी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस देश में कई प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बनाए हैं, इसलिए कोई भी नेता पार्टी से बड़ा नहीं हो सकता है।

भूपेन बोरा ने कहा कि उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ पार्टी की सेवा की है और अंत तक करते रहेंगे। वे अन्य नेताओं की तरह दल नहीं बदला करते हैं। उन्होंने कहा कि असम के मुख्यमंत्री का पद अत्यंत गरिमामय व्यक्तियों द्वारा सुशोभित रहा है। वर्तमान मुख्यमंत्री को इस पद की गरिमा को ध्यान में रखते हुए बातें कहनी चाहिए।

कांग्रेस सांसद प्रद्युत बरदलै, अब्दुल खालेक आदि नेताओं द्वारा पार्टी के विरुद्ध दिए गए कथित बयान संबंधी सवाल पर कांग्रेस अध्यक्ष बोरा ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस समय बाहर हैं, इसीलिए इससे संबंधित जानकारी पार्टी के सांगठनिक राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि केसी वेणुगोपाल द्वारा असम में अन्य दलों के साथ गठबंधन संबंधी रिपोर्ट मांगी गई थी, जिसे भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन से संबंधित अंतिम निर्णय केसी बेणुगोपाल द्वारा लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर