बहन- बेटियों के कल्याण के लिए जारी कोई योजना बंद नहीं होगी: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

- मैं मुख्यसेवक के रूप में प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए समर्पित हूँ: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

- मुख्यमंत्री ने बालाघाट में 650 करोड़ की औद्योगिक इकाइयों और 761 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया

भोपाल, 21 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बहन-बेटियों के कल्याण के लिए जारी कोई योजना बंद नहीं होगी। लाड़ली बहना योजना में मार्च माह की किस्त पहली तारीख को बहनों के खाते में जारी कर दी जाएगी। मैं अपने आपको मुख्यमंत्री नहीं, जनता का मुख्य सेवक मानता हूँ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानसेवक हैं और मैं मुख्यसेवक के रूप में प्रदेश के विकास और जनकल्याण को समर्पित हूँ।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को बालाघाट में रोड-शो के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 650 करोड़ रुपये लागत की हिंदुस्तान ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और हिन्दुस्तान टेप्स प्राइवेट लिमिटेड औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन तथा बालाघाट जिले के 761 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। कार्यक्रम में सासंद ढाल सिंह बिसेन, पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन और रामकिशोर कांवरे एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने उपस्थित जनसमुदाय को माताओं- बहनों का सम्मान-गरीबों की सेवा करने और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दिलवाया। उन्होंने हितग्राहियों से संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार तेज गति से विकास को समर्पित है, इसी का प्रमाण है कि बड़ी संभावना वाले बालाघाट जिले में अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण हो रहा है। उन्होंने विकास की इस प्रक्रिया में बालाघाट वासियों से सहयोगी बनने का आव्हान किया।

सागर में होगा रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर विश्वविद्यालय का लोकार्पण

उन्होंने कहा कि जनजाति क्षेत्र में कोदो-कुटकी के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पहले मंत्री परिषद की बैठक में रानी अवंती बाई और रानी दुर्गावती के नाम पर पुरस्कार की घोषणा की गई है। हमारा अतीत गौरवशाली है। गोंडवाना क्षेत्र में रानी दुर्गावती ने स्वाभिमान और आत्मसम्मान को डिगने नहीं दिया। सागर में शीघ्र ही रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर विश्वविद्यालय का लोकार्पण किया जाएगा।

देश में संभावनाओं के आधार पर विकास और भावनाओं पर हो रहा सनातन संस्कृति का सम्मान

डॉ. यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति में वनवासियों को साथ लेकर, प्राणी मात्र से प्रेम करते हुए भगवान श्रीराम ने आदर्श पुत्र और आदर्श शासक का उदाहरण स्थापित किया। इसी का परिणाम है कि सभी आज भी राम राज्य की स्थापना की कामना करते हैं। जिसका अर्थ गरीब के जीवन से कष्ट मिटाना, देश को स्वाभिमान के साथ जीना सीखना और हर क्षेत्र में सुव्यवस्था स्थापित करना है। भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा पर सबको गर्व है। देश में सांस्कृतिक अनुष्ठान का पर्व चल रहा है, देश में सर्वधर्म समभाव ही शासन संचालन का आधार है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश संभावनाओं के आधार पर विकास के मार्ग पर चल रहा है और भावनाओं के आधार पर सनातन संस्कृति अक्षुण्ण रहते हुए समृद्ध हो रही है।

अयोध्या से अरब देश तक आज हमारे देवालय दैदिप्यमान हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि देशवासी भारत को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित हैं। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी। आज देश की अर्थव्यवस्था निरंतर प्रगति कर रही है, दुनिया के सभी प्रमुख देश भारत से मित्रता को आतुर हैं। आज अयोध्या से अरब देश तक हमारे देवालय दैदिप्यमान हैं। यही कामना है कि देश और सनातन संस्कृति इसी तरह आगे बढ़ती रहे। भारत विश्व की पहले नंबर की अर्थव्यवस्था बने, इस उद्देश्य के लिए मध्य प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कार्यरत रहेगी और लोकतंत्र को सशक्त करेगी। मध्य प्रदेश देश का पहले नंबर का राज्य बनेगा।

विधानसभावार दौरे कर योजनाओं के क्रियान्वयन का अवलोकन करेंगे

उन्होंने कहा कि वे विधानसभा वार दौरा कर विकास और जनकल्याण गतिविधियों का अवलोकन करेंगे तथा स्थानीय लोगों से संपर्क करेंगे। राज्य सरकार संवेदनशील है और गरीबों के हित को समर्पित है तथा पारदर्शी, जवाबदेह व्यवस्था स्थापित करने और सामान्य जन के मान सम्मान को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

खुले में मांस-मछली के विक्रय पर प्रतिबंध

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खुले में मांस के विक्रय पर प्रतिबंध है। खुले में मांस का विक्रय स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है। मांस विक्रय के लिए पृथक से मार्केट विकसित किए जाएंगे। इसके लिए नगरीय निकायों को आवश्यकतानुसार राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के लिए राज्य सरकार कार्यरत

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के देश के विकास में योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि चुनी हुई सरकार से लोगों की आशाएं-अपेक्षाएं होती हैं और सरकार की विकास के लिए जवाबदारी होती है। प्रधानमंत्री मोदी ने जनता की सभी आशाओं, अपेक्षाओं को पूरा किया है। देश के सामने विद्यमान सभी चुनौतियों का दृढ़ता पूर्वक सामना किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने तीन तलाक के मामले में सही निर्णय लेकर मुस्लिम बहन-बेटियों के हितों की भी रक्षा की है। राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कार्यरत है।

भूमि पूजन तथा लोकार्पण से बालाघाट क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी

क्षेत्रीय सांसद ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव की डबल इंजन सरकार से प्रदेशवासियों की जो अपेक्षाएं हैं, वह सब पूरी होंगी। देश और प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है। आगामी समय में विकास की गति और तेज होगी तथा नई लोक कल्याणकारी योजनाओं को भी स्वीकृतियां मिलेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पूर्व राज्य मंत्री रामकिशोर कांवरे ने बालाघाट जिले को आयुर्वेद महाविद्यालय की सौगात पर सहमति के लिए आभार माना। उन्होंने कहा कि आज हुए भूमि पूजन तथा लोकार्पण से बालाघाट क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी और रोजगार के नए अवसरों का सृजन होगा। पूर्व मंत्री गौरी शंकर बिसेन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभिनंदन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / उमेद

   

सम्बंधित खबर