देश की राजधानी दिल्ली में होगा 'अपनों बुंदेली उत्सव', यें हस्तियां होंगी शामिल

बांदा, 22 फ़रवरी (हि.स.)। देश की राजधानी दिल्ली में 24 और 25 फरवरी को अपनों बुंदेलखंड ट्रस्ट द्वारा अपनों बुंदेली उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बुंदेली धरा की सामाजिक,आर्थिक संस्कृति और राजनैतिक विरासत को देश व विश्व में पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष फिल्म अभिनेता राजा बुंदेला ने बताया कि इस कार्यक्रम में विकास को समर्पित एक सार्थक विचार गोष्ठी होगी। इस कार्यक्रम में बुंदेली नृत्य,संगीत व कला का मनोहारी प्रदर्शन देखने को मिलेगा। साथ ही बुंदेलखंड के व्यंजनों का स्वाद चखने अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम पूर्व केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा के 13 ताल कटोरा रोड पर प्रातः 10 बजे से 4 बजे तक होगा।

फिल्म अभिनेता राजा बुंदेला ने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान बुंदेलखंड की संपदा,खनिज व पर्यटन स्थलों के बारे में विशेष चर्चा होगी। जिसमें यह भी तय किया जाएगा की विकसित भारत में बुंदेलखंड का क्या स्थान हो। उन्होंने बुंदेलखंड के उन लोगों से भी अपील की है जो बुंदेलखंड को छोड़कर इधर-उधर बसे हैं वह आएं और अपने बुंदेलखंड को देखें और तय करें कि बुंदेलखंड को कैसे सजाएं और खुशहाल बनाएं।

कार्यक्रम में अपनो बुन्देलखण्ड ट्रस्ट,बुन्देलखण्ड विकास परिषद,बुंदेली सेना,बुन्देलखण्ड उत्सव समिति, राष्ट्रकवि मैथिली शरण गुप्त ट्रस्ट, बुन्देलखण्ड मोर्चा, बुन्देलखण्ड न्यूज,नोएडा लोक मंच,टेन न्यूज,गहोई वैश्य एसोसियेशन व अन्य प्रमुख संगठन भाग ले रहे हैं।

उत्सव में प्रमुख रूप से केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, महेश शर्मा (पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद),पूर्व डीजीपी उत्तर प्रदेश सुलखान सिंह, चित्रकूट कामतानाथ प्रमुख द्वार महंत मदन गोपाल जी महाराज, अशोक ध्यानचंद (1975 विश्व कप स्वर्ण पदक विजेता, 1972 म्यूनिख ओलंपिक कांस्य पदक विजेता - हॉकी खिलाड़ी व अर्जुन अवार्ड विजेता), डॉ एस के दुबे (पूर्व महानिदेशक पुरातत्व विभाग),संतोष पटेरिया (वरिष्ठ इतिहासकार), संजय सिंह व बुन्देलखण्ड की प्रमुख हस्तियां शिरकत करेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार/अनिल/राजेश

   

सम्बंधित खबर