भारत जोड़ो न्याय यात्रा : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा एवं प्रभारी रंधावा धौलपुर पहुंचे

धौलपुर आए कांग्रेस पदािधकारी।

धौलपुर , 23 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस नेताओं की टीम शुक्रवार को धौलपुर पहुंची। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की इस टीम ने 25 फरवरी को धौलपुर जिले की सीमा में प्रवेश करने वाली कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वायनाड सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया।

कांग्रेस नेताओं ने धौलपुर सर्किट हाउस, बोथपुरा, राजाखेडा तथा मनियां इलाके में स्थानीय कांग्रेस विधायक एवं कांग्रेस पदाधिकारियों से संवाद कर राहुल गांधी की यात्रा के संबंध में की जा रहीं तैयारियों की समीक्षा करते हुए यात्रा को सफल बनाने की अपील भी की। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं राजाखेडा विधायक रोहित बोहरा ने बताया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 25 फरवरी को धौलपुर जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। इस दौरान राजाखेडा विधानसभा में आने वाले मनियां इलाके में बोथपुरा मोड पर एक जनसभा होगी। बोहरा ने बताया कि 25 फ़रवरी को मनियां ब्लॉक में आम सभा के साथ यात्रा का स्वागत किया जाएगा तथा बोथपुरा मोड पर स्थित मैदान में सांय 4 बजे एक विशाल जनसभा होगी। जनसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ में राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

जनसभा के बाद पांच दिन तक यात्रा का विराम रहने के बाद 2 मार्च को पुनः यात्रा का शुभारंभ राजाखेडा बायपास चौराहे से किया जाएगा। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर भारत जोडो न्याय यात्रा में राहुल गांधी के साथ कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी जलदाय विभाग चौराहे तक पैदल मार्च करेंगे। जिसके बाद में न्याय यात्रा मध्यप्रदेश के मुरैना ज़िले में प्रवेश कर जाएगी।

उधर, शुक्रवार देर शाम तक बोथपुरा मोड पर प्रस्तावित सभास्थल पर राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं राजाखेडा विधायक रोहित बौहरा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा, कांग्रेस नेता अजय पाल सिंह, धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा एवं बसेडी विधायक संजय कुमार सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ प्रदीप/संदीप

   

सम्बंधित खबर