स्मारक समिति के प्रदर्शनकारी कर्मचारी की मौत, लोकबंधु अस्पताल में हंगामा

लखनऊ, 25 फरवरी(हि.स.)। लखनऊ में स्मारकों, संग्रहालयों, संस्थाओं, पार्कों व उपवनों आदि की प्रबन्धन, सुरक्षा एवं अनुरक्षण समिति के कर्मचारियों का बीते 69 दिनों से चल रहे प्रदर्शन में कर्मचारी बृजमोहन की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे लोकबंधु अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा, उन्होंने अस्पताल के गेट पर हंगामा किया।

कर्मचारियों के अस्पताल में प्रदर्शन करने पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और निदेशक ने उनसे वार्ता की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अस्पताल से पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे कर्मचारियों ने वहां भी शोरगुल करते हुए नारेबाजी की। जिसमें शव के पोस्टमार्टम के कार्यवाही में विलम्ब हुआ। मृतक के परिजन के पहुंचने पर आगे की कार्यवाही की गयी। वहीं दुखद घटना की सूचना मिलने पर अपर मुख्य सचिव आवास एवं शहरी नियोजन नितिन रमेश गोकर्ण मौके पर पहुंचे।

जानकारी हो कि वर्तमान समय में केन्द्रीय भविष्य निधि की मांग को लेकर समिति के कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं,जिसमें कर्मचारियों ने विस्तृत दस्तावेज दिखाते हुए भविष्य निधि के करोड़ों की धनराशि का भ्रष्टाचार किये जाने का आरोप लगाया था। इसमें कुछ कर्मचारियों का निलम्बन भी हुआ और अधिकांश के वेतन को रोक दिया गया। अभी भी प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के वेतन को रोका गया है,जबकि उसमें कुछ ने माफीनामा लिख कर दे दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/सियाराम

   

सम्बंधित खबर