सुरेश खन्ना ने लाभार्थियों के घरों पर जाकर चिपकाए स्टीकर

लखनऊ, 25 फरवरी (हि.स.)। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने रविवार को माल एवेन्यू के शिवपुरम बस्ती से लखनऊ महानगर में लाभार्थी जनसम्पर्क अभियान का शुभारम्भ किया। सुरेश खन्ना ने जनसम्पर्क किया और लाभार्थियों के घरों पर जाकर सरकार की विभिन्न योजनाओं के पत्रकों का वितरण किया और 'लाभार्थियों की समृद्धि मोदी की गारंटी' का स्टीकर चिपकाए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मोबाइल से 96380 02024 पर मिस्ड कॉल करा कर पार्टी से जोड़ने का कार्य किया।

लाभार्थियों के साथ जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने सेल्फी व फोटो ली, जिसको सरल एप और सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। उपस्थित मीडिया को सम्बोधित करते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में लाभार्थी हैं जिनको केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समान रूप से बिना भ्रष्टाचार और बिचौलियों के मिला है। बहुत से परिवार ऐसे हैं जिनको एक से ज्यादा योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है। ऐसे सभी परिवार आज भारतीय जनता पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं। अभियान के तहत लाभार्थियों से सम्पर्क करके केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां और अन्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि पिछली सरकारों के समय में सरकारी योजनाएं परिवारवाद और भ्रष्टाचार के कारण गरीबों और जरूरतमंद लोगों को नहीं मिल पाती थी। लेकिन भाजपा सरकार में सभी वर्गों को घर-घर जाकर योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा जैसे अभियान भी राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे हैं।

इस दौरान मंत्री सुरेश खन्ना रोहित कुमार, सुभाष यादव, आशाराम कनौजिया, सूरजपाल शर्मा से भेंट की। जिन्होंने बताया कि इन सभी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुए। इरशाद खान को आयुष्मान कार्ड से मुफ्त इलाज मिला। सुरेश कुमार को आवास के अतिरिक्त आयुष्मान कार्ड के माध्यम से राम मनोहर लोहिया अस्पताल में 2 लाख का लीवर का इलाज भी मुफ्त हुआ। रीता कुमारी ने बताया कि बेटियों के लिए सुमंगला योजना व कन्या विद्या धन योजना का लाभ मिल रहा है। कृष्णा शुक्ला को भी मुख्यमंत्री राहत कोष से इलाज के लिए 5 लाख की धनराशि मिली।

जनसम्पर्क के दौरान क्षेत्रवासियों द्वारा बताई गई समस्याओं को भी सुरेश खन्ना ने सुना और तत्काल सम्बंधित अधिकारियों से फोन वार्ता कर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। लाभार्थी सम्पर्क के दौरान अभियान संयोजक सौरभ वाल्मीकि, मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग, मंडल अध्यक्ष आनंद पांडे, शुभम गुप्ता, अखिलेश शुक्ला, विनोद तिवारी, नीरज मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/विद्याकांत

   

सम्बंधित खबर