बदायूं में मार्ग दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत, चार घायल

बदायूं: अलग अलग सड़क हादसे में दो लोगों की मौत

बदायूं, 27 फरवरी (हि.स.)। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मंगलवार को दो लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए शवों पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पहला सड़क हादसा जरीफनगर थाना क्षेत्र के दहगवां गांव के पास कार और कंटेनर में हुआ। हादसे में कार चालक गुड्डू और उसके साथी आरिश, करन, रजत, अकबर उर्फ सईया घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने पहले सहसवान के स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान अकबर उर्फ सईया की मौत हो गई। अकबर के परिजनों ने बताया कि यह सभी पांचों लोग कार में सवार होकर दिल्ली कपड़े, जूते, चप्पल आदि का माल खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया। अकबर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उधर, ड्राइवर गुड्डू, आरिश, करन और रजत का इलाज जारी है।

दूसरी घटना मुजरिया थाना क्षेत्र के शेखा नगला के पास का है। भगवतीपुर घेर के रहने वाले बाइक सवार रजनेश को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में रजनेश की मौत हो गई। रजनेश मंगलवार को अपने बहनोई दंगल सिंह के लिए खाना लेकर बाइक से खेत पर जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले में जांच में जुट गई।

हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद/दीपक/मोहित

   

सम्बंधित खबर