घोषणा पत्र के लिए पलामू लोस क्षेत्र में 18416 लोगों से सुझाव लेगी भाजपा

पलामू, 28 फ़रवरी (हि.स.)। लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार से पलामू में विकसित भारत-मोदी की गारंटी संकल्प पत्र सुझाव अभियान की शुरूआत की। इस सिलसिले में बीजेपी जिला कार्यालय में पलामू के सांसद वीडी राम ने पत्रकारों को संबोधित किया।

सांसद ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर पूरे देश के एक करोड़ से अधिक लोगों के सुझाव, उनकी आकांक्षाओं और विचारों को जानने का लक्ष्य रखा गया है। पलामू लोकसभा क्षेत्र की बात करें तो यहां 18416 लोगों से सुझाव लिया जायेगा। इसके अंतर्गत आने वाले 6 विधानसभा क्षेत्र में प्रत्येक से 3069 लोगों से सुझाव लिया जायेगा, ताकि विकसित भारत संकल्प पत्र का आधार बनाया जा सके।

सांसद ने कहा कि अभियान को दो चरणों में विभाजित किया गया है। पहला अभियान लांच किया गया है। दूसरा सुझाव एकत्रित के लिए जनसंपर्क गतिविधियां चलायी जायेंगी। कार्यक्रम में सुझाव एकत्रित करने के लिए सुझाव पेटी, मिस्ड कॉल नंबर (9090902024) और नमो ऐप की सुविधा बहाल की गयी है। जन-जन से सुझाव एकत्रित करने के लिए एलईडी प्रचार वाहन चलाया जायेगा।

सांसद ने कहा कि 125 को होर्ट मिलन एवं संवाद कार्यक्रम देश के 125 प्रमुख स्थानों पर विशेष समुदायों जैसे उद्योगपति, स्टार्टअप्स के फाउंडर, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता एवं राष्ट्रीय खिलाड़ियों से संवाद किया जायेगा एवं उनके सुझाव लिये जायेंगे। छह हजार मतपेटियां रखी जायेंगी। गोष्ठी के माध्यम से भी सुझाव एकत्रित किया जायेगा। घर-घर जनसंपर्क चलाया जायेगा एवं 10 लाख बूथों पर डिजिटल माध्यम से सुझाव लिया जायेगा। चतरा संसदीय क्षेत्र के पांकी विधानसभा क्षेत्र का भी सुझाव यहीं से एकत्रित किया जायेगा।

इस मौके पर बीजेपी के जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष परशुराम ओझा, प्रेम सिंह, विनोद सिंह, मंगल सिंह, विजय ओझा, सरेन्द्र विश्वकर्मा सहित अन्य पार्टी नेता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिलीप कुमार/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर