विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने दी पूर्व सरकारी मुख्य सचेतक जैन को श्रद्धांजलि

जयपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को निवाई में महावीर प्रसाद जैन के निवास पर पहुंचकर पूर्व सरकारी मुख्य सचेतक जैन को श्रद्धांजलि दी। देवनानी ने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।

देवनानी ने कहा कि उन्हें स्व. जैन के साथ लम्बे समय तक कार्य करने का अवसर मिला। जैन की राजस्थान की राजनीति में भूमिका अविस्मरणीय रहेगी। जैन का निधन उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। स्वर्गीय जैन सरल व्यक्तित्व के धनी थे। वे स्पष्टवादी और मुखर वक्ता थे। सबको साथ लेकर चलते थे। राजस्थान की राजनीति में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके साथ किए गए काम हमें प्रेरणा देते रहेंगे। उनका निधन राज्य की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी यादें मेरे स्मरण में सदैव बनी रहेगी।

देवनानी ने कहा कि राजस्थान विधानसभा में मुख्य सचेतक के रूप में स्वर्गीय जैन ने सदन में एक विशिष्ट छाप छोड़ी है। उन्होंने सदन में पक्ष और प्रतिपक्ष के सदस्यों के मध्य समन्वय का कार्य बेहतर तरीके से किया। राजनीति के क्षेत्र में वर्षों तक लोगों को जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने अपना जीवन सादगी से जीया। जैन समाज में उनकी अच्छी छवि थी। स्वर्गीय जैन ने जरूरतमंद लोगों की मदद करने में हमेशा पहल की।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर