गाजीपुर से उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के पुत्र अभिनव की चर्चा ने भूमिहार नेताओं काे निराश किया

लखनऊ, 02 मार्च (हि.स.)। भाजपा के केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा उप्र की 52 सीटों पर उम्मीदवार तय किये जाने की सूचना के साथ ही पहले से तैयारी कर रहे भाजपा नेताओं की धड़कने बढ़ गयी हैं। अभी तक उम्मीदवारों की सूची जारी न होने से सभी भाजपा के संभावित उम्मीदवार दिल्ली में अपने नामों का पता लगाने में जुट गये हैं। कुछ लोग जुगत लगाने में भी जुटे हुए हैं। वहीं गाजीपुर से जम्मू के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के पुत्र अभिनव सिन्हा के चुनाव मैदान में आने की चर्चा ने दूसरे भूमिहार नेताओं के लिए सिरदर्द पैदा कर दिया है।

पूर्वांचल में बहुत दिनों से क्षेत्र में रहकर तैयारी कर रहे एक भाजपा नेता ने तो कल से ही लोगों का फोन उठाना बंद कर दिया है। वहीं एक जिले के भूमिहार नेता दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। सूत्रों से खबर आ रही है कि गाजीपुर से मनोज सिन्हा नहीं, उनके लड़के अभिनव सिन्हा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इसकी खबर लगने से अन्य नेताओं में हड़कंप मचा हुआ है।

यह बता दें कि भाजपा की नई परिपाटी में बलिया, मऊ और गाजीपुर में किसी एक लोकसभा क्षेत्र में भूमिहार को उम्मीदवार बनाया जाता रहा है। ऐसी सूचना आ रही थी कि मनोज सिन्हा जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल पद से इस्तीफा नहीं देंगे। इस कारण गाजीपुर से कोई भूमिहार नेता चुनाव नहीं लड़ेगा। वहां ओम प्रकाश राजभर को सीट दिये जाने की चर्चा थी। इस चर्चा के बाद बलिया से पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी जोरशोर से लोकसभा चुनाव की तैयारी में लगे हुए हैं।

वहीं मऊ से एक मंत्री भी बीच में अपने लिए अपने स्तर से सर्वे करा रहे थे। वे इस बीच काफी दिनों से सक्रिय हैं। आये दिन वहां उद्घाटन, लोकार्पण के काम भी करते रहते हैं, लेकिन यदि मनोज सिन्हा के पुत्र अभिनव सिन्हा गाजीपुर से चुनाव मैदान में आ जाते हैं तो दूसरे सभी नेताओं की संभावनाएं खत्म हो जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेन्द्र/मोहित

   

सम्बंधित खबर