केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने किया दुलियाजान और चाबुआ-लाहोवाल का दौरा

Sonowal visited Duliajan and Chabua-Lahowal

डिब्रूगढ़ (असम), 14 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता सर्बानंद सोनोवाल ने गुरुवार को डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत दुलियाजान और चबुआ- लाहोवाल विधानसभा इलाकों का दौरा किया। भाजपा-अगप कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सोनोवाल ने कहा कि आत्मनिर्भरता अब भारत की एक नई पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश के साथ-साथ असम और उत्तर पूर्व की उन्नति और विकास के लिए एक नई क्षितिज की शुरुआत की है।

उन्होंने कहा कि भारत को एक आत्मनिर्भर एवं विश्व का अग्रणी शक्तिशाली देश बनाने के लिए युवा शक्ति दूरगामी एवं शक्तिशाली माध्यम हैं। इसलिए सरकार युवा शक्ति को मजबूत बनाने के लिए विशेष महत्व दिया है।

उन्होंने कहा है कि कांग्रेस शासन के दौरान असम और उत्तर पूर्व की पूरी तरह उपेक्षा की गई थी। पिछले 10 वर्षों में उत्तर पूर्व में हुए अमूलचूल परिवर्तनों ने पूरे क्षेत्र को व्यापार के लिए एक संभावित हॉटस्पॉट बना दिया है।

साठ वर्षो तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने उत्तर पूर्व में केवल उग्रवाद, हिंसा, हत्या, लूटपाट, भ्रष्टाचार, घोटाले और शोषण ही किया है।

गुरुवार कांग्रेस पार्टी को छोड़कर अनेक लोग भाजपा में शामिल हुए जिनका गर्मजोशी के साथ पार्टी में स्वागत किया गया। सोनोवाल ने कहा कि एनडीए नेतृत्ववाली सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है, जो कांग्रेस 60 साल के शासन के बाद नहीं कर सके।

इस अवसर पर भाजपा-अगप पार्टी के पदाधिकारी और अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/देबोजानी/अरविंद

   

सम्बंधित खबर