रमणरेती आश्रम में फूलों संग बरसा अबीर-गुलाल, राधा-कृष्णा संग खेली गुरु शरणानंद महाराज ने होली

राधा कृष्ण भगवान स्वरूपों पर फूल बरसाते हुए महाराज श्री श्रद्धालुओं पर पिचकारी से रंग बरसाते हुए, रंगों की बौछार पाने को लालयित भक्त होली में सराबोर भक्त महिला खुशी का इजहार करते हुए 

मथुरा, 14 मार्च (हि.स.)। ब्रज में होली की धूम है। मंदिरों में रसिया और होली गीतों के साथ रंगों की वर्षा हो रही है। रंगोत्सव में देश-विदेश के हजारों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। गुरुवार को महावन में रमणरेती धाम स्थित कार्ष्णि गुरु शरणानंद महाराज के आश्रम में दिव्य और भव्य होली महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसके साथ चार दिवसीय होली महोत्सव कार्यक्रम का समापन हो गया। राधा कृष्ण की लीलाओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, फिर लड्डू की होली, फूलों की होली, लट्ठमार होली और रंग-गुलाल से होली खेली गई। श्रद्धालुओं ने होली का अद्भुत आनंद लिया।

प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी गुरु शरणानंद महाराज के आश्रम में गुरुवार को चार दिवसीय श्रीकृष्ण गोपाल महोत्सव कार्यक्रम का समापन हुआ। मंच पर राधा कृष्ण की लीलाएं कलाकारों द्वारा पेश की गईं तो वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद कलाकारों ने जमकर होली खेली। विदित रहे कि रमण रेती आश्रम स्थित गुरु शरणानंद महाराज के यहां होली महोत्सव को लेकर एक माह पूर्व तैयारी शुरू हो जाती है। होली में रंग और गुलाल टेसू के फूलों से तैयार किए जाते हैं, साधु संतों के सानिध्य में दूर दराज से श्रद्धालु यहां आकर होली का आनंद लेते हैं। होली के रसिया गीतों पर श्रद्धालु भी झूमने पर मजबूर हो जाते हैं तो वहीं युवा बुजुर्ग महिला और बच्चे भी होली का आनंद लेते हैं।

इस दिव्य और भव्य होली का आनंद लेने के लिए देश-विदेश से हजारों की संख्या में आए श्रद्धालु बुधवार शाम को ही आए गए थे। गुरुवार सुबह पहले फूल की होली खेली गई। फिर गुलाल और इसके बाद केसरचंदन की होली का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध पीठाधीश्वर महाराज समेत कई साधु-संत मौजूद रहे।

श्रद्धालु ब्रज के मंदिरों में ठाकुरजी के श्री विग्रहों के साथ होली खेलने से लेकर बरसाना, नंदगांव की लठामार होली, दाऊजी का हुरंगा आदि विभिन्न आयोजनों में पूरी आस्था के साथ शामिल होंगे और त्योहार का आनंद उठाएंगे। मथुरा के साथ ही वृंदावन, बरसाना, गोकुल, नंदगांव, बलदेव आदि मंदिरों में होली को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। हर बार की तरह इस बार भी बड़ी तादाद में देशी विदेशी भक्त कान्हा के रंग में रंगकर होली का त्योहार मनाने के लिए ब्रज की धरा पर पहुंचेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश/आकाश

   

सम्बंधित खबर