जबलपुरः अपर मुख्य सचिव एवं कृषि आयुक्त ने किया शहपुरा में फसल नवाचार का अवलोकन

जबलपुर, 14 मार्च (हि.स.)। राज्य शासन के अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल एवं आयुक्त कृषि एल शैलवेन्द्रम ने गुरुवार को जिले के शहपुरा विकासखंड के ग्राम सुरई के कृषक अरुण गोटिया के प्रक्षेत्र पर नवाचार के रूप में ली जा रही राजमा की फसल का अवलोकन किया। फसल विविधीकरण के अंतर्गत जबलपुर जिला और संभाग में पहली बार राजमा फसल को लेने का प्रयास किया गया है।

किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के संयुक्त संचालक केएस नेताम, आत्मा परियोजना संचालक डॉ एसके निगम अनुविभागीय अधिकारी कृषि डॉ इंदिरा त्रिपाठी एवं अन्य विभागीय अधिकारियों ने ग्राम सुरई में अपर मुख्य सचिव को किसान अरुण गोटिया के प्रक्षेत्र का भ्रमण कराया।

कृषि विस्तार अधिकारी रजनीश दुबे ने उच्च अधिकारियों को इस फसल के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह फसल वर्ष में तीन बार ली जा सकती है एवं 90 से 100 दिन की अवधि में फसल परिपक्व होकर 10 से 12 क्विंटल प्रति एकड़ की उपज देती है। उन्होंने बताया कि राजमा फसल की कीमत बाजार में 10 हजार रुपये क्विंटल से ऊपर ही मिलती है, जिससे किसान को कम लागत में अधिक आय सुनिश्चित की जा सकती है।

इस अवसर पर बताया गया कि ग्राम फुलर भीटा के जैविक खेती करने वाले कृषक विनय सिंह ठाकुर के कृषि फार्म पर निर्मित जैविक आदान सामग्रियों का उपयोग राजमा की फसल में किया गया है। एडवांस जीवामृत, खट्टे एवं मीठे फलों से बनाये गये हुआ जैव रसायन, तीन प्रकार की दालों व तिलहन से बने सूक्ष्म पोषक तत्व रसायन एवं अलग-अलग प्रकार के खनिज पत्थरों से बने मिनरल्स घोल के बारे में भी अपर मुख्य सचिव एवं आयुक्त कृषि को अवगत कराया गया।

इस अवसर पर कृषि आयुक्त शैलवेंद्रम ने नीमच एवं उज्जैन में ली जाने वाली राजमा फसल एवं उससे लाभ लेने की बात किसानों को बताई। उन्होंने इस फसल की कटाई के परिणाम से अवगत कराने के निर्देश भी दिये तथा अन्य किसानों के बीच में भी इस फसल का प्रचार प्रसार करने कहा। अपर मुख्य सचिव वर्णवाल एवं कृषि आयुक्त शैलवेंद्रम ने उड़द मूंग व गेहूं की फसलों का भी अवलोकन किया साथ ही विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि कृषकों को समय-समय पर उन्नत बीज उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाये।

निरीक्षण के दौरान कृषि अभियांत्रिकी शाखा से श्री मेहरा, सहायक संचालक कृषि अमित पांडे, उपसंचालक कृषि नरसिंहपुर उमेश कटहरे, आशुतोष दुबे एवं मीणा तथा आसपास के ग्रामों के कृषक भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर