भाजपा में छोटा कार्यकर्ता भी शीर्ष पदों पर आसीन हो सकता है: धर्मेंद्र सिंह

-नवनिर्वाचित एमएलसी का महानगर कार्यालय पर जोरदार स्वागत

वाराणसी, 17 मार्च (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह विधान परिषद सदस्य निर्वाचित होने के बाद रविवार को गुलाब बाग, सिगरा स्थित महानगर कार्यालय में पहुंचे। कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित एमएलसी का जोरदार स्वागत किया। पार्टी के महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित एमएलसी को पुष्प गुच्छ देकर माल्यार्पण कर स्वागत किया।

स्वागत समारोह में धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का सदैव आभारी रहूंगा। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता पर भरोसा जताते हुए एमएलसी बनाया और इस बात को पुनः सिद्ध कर दिया कि भाजपा में आम कार्यकर्ता को भी उच्च पदों पर बिठाकर उनका सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि मैं अपने इस स्वागत सम्मान से अभिभूत हूं और आगामी लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनकल्याणकारी नीतियों को आम जनमानस तक पहुंचाना मेरा एकमात्र उद्देश्य रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र कैडर बेस्ड पार्टी है, इसीलिए यहां पर सामान्य कार्यकर्ता को भी देवतुल्य की उपाधि और सम्मान प्राप्त है।

समारोह का संचालन महामंत्री जगदीश त्रिपाठी व धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री नवीन कपूर ने दिया। कार्यक्रम में महापौर अशोक तिवारी, पूर्व विधायक जगदीश पटेल, जगदीश त्रिपाठी, आत्माविश्वेश्वर, ई. अशोक यादव, मीडिया प्रभारी किशोर सेठ, शैलेंद्र मिश्रा, आलोक श्रीवास्तव, डॉ गीता शास्त्री आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/आकाश

   

सम्बंधित खबर