मप्र: मुख्यमंत्री डॉ यादव ने पंडित कुंजीलाल दुबे और कर्नल गुरबख्श सिंह ढिल्लों को जयंती पर किया नमन

भोपाल, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष पंडित कुंजीलाल दुबे और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं आजाद हिन्द फौज के कर्नल पद्म भूषण गुरबख्श सिंह ढिल्लों की आज सोमवार को जयंती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दोनों महान विभूतियों को स्मरण करते हुए विनम्र नमन किया है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए पंडित कुंजीलाल दुबे को जयंती पर नमन करते हुए लिखा स्वतंत्रता सेनानी, मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष पंडित कुंजीलाल दुबे जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूँ। मध्यप्रदेश में संसदीय पद्धति की ठोस और मजबूत नीव रखने में आपका योगदान अतुलनीय है। सामाजिक सेवा, ग्रामीणों के उत्थान और वंचितों के विकास हेतु किए गए आपके समस्त प्रयासों को हम सभी कृतज्ञता के साथ स्मरण करते रहेंगे।

एक अन्य संदेश के माध्यम से सीएम डाॅ यादव ने कर्नल गुरूबख्श सिंह को जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए लिखा आजाद हिंद फौज के समर्पित सैन्य अधिकारी, पद्मभूषण कर्नल गुरबख्श सिंह ढिल्लों जी को जयंती पर सादर नमन करता हूं। मां भारती की स्वतंत्रता के लिए आपके प्रयास और साहस का राष्ट्र अनंतकाल तक कृतज्ञ एवं ऋणी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर