विकसित भारत के लिए मोदी जरूरी : लक्ष्मी शाह

-टिहरी लोकसभा सीट प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह सघन जनसंपर्क किया

नई टिहरी, 19 मार्च (हि.स.)। टिहरी लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार माला राज्य लक्ष्मी शाह ने मंगलवार को टिहरी जनपद में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इसके तहत उन्होंने नागनी, चंबा, नई टिहरी व बौराड़ी में आम लोगों के सीधा संपर्क कर मोदी से एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने की अपील की। जनसंपर्क के लिए टिहरी पहुंचने पर निवर्तमान सांसद का भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने फूलमालाओं से जमकर स्वागत किया।

मंगलवार को माला राज्य लक्ष्मी शाह ने टिहरी जनपद के नागनी से जनसंपर्क अभियान जारी किया। नागनी के बाद चंबा के मुख्य बाजार में उन्होंने गहन जनसंपर्क अभियान चलाया। वीर गब्बर सिंह चौक में वीवी गब्बर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद निवर्तमान सांसद ने नई टिहरी पहुंचकर बाजार में पैदल चलकर लोगों से जन संपर्क किया। नई टिहरी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से जमकर स्वागत किया।

इस दौरान निवर्तमान सांसद लक्ष्मी शाह ने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए मोदी को प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है। सबका साथ, सबका विकास की सोच के साथ देश को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। सबके साथ मिलकर क्षेत्र के विकास के कामों को आगे बढ़ाने का काम किया जायेगा। जनता के सहयोग से देश विश्व शक्ति के रूप में सामने आयेगा।

जनसंपर्क अभियान के दौरान टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, पूर्व काबीना मंत्री दिनेश धनै, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल, प्रमुख जाखणीधार सुनीता देवी, खेम सिंह चौहान, विजय कठैत, अबरार अहमद, तौफीक अहमद, मेहरबान सिंह रावत, विनोद रतूड़ी, शीशराम गुसांई, गोपी राम चमोली सहित दर्जनों मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रदीप डबराल//रामानुज

   

सम्बंधित खबर