उप्र के मीरजापुर, चंदौली और सोनभद्र में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना

कानपुर, 19 मार्च (हि.स.)। पछुआ हवाओं से उत्तर प्रदेश के मौसम में नमी बनी हुई है और तापमान सामान्य से नीचे चल रहे हैं। जिससे सुबह शाम गुलाबी सर्दी महसूस हो रही है, लेकिन जल्द ही हवाओं की दिशाएं बदलने से तापमान में बढ़ोत्तरी शुरु हो जाएगी। मौसम विभाग का कहना है कि 20 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिससे उत्तर प्रदेश के मीरजापुर, चंदौली और सोनभद्र में मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि विदर्भ और आसपास के इलाकों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिणी तमिलनाडु से आंतरिक कर्नाटक होते हुए विदर्भ पर बने चक्रवाती परिसंचरण तक फैली हुई है। एक अन्य ट्रफ रेखा झारखंड से लेकर ओडिशा होते हुए आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट तक फैली हुई है। एक चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी असम पर है, और दूसरा चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ को उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों पर एक ट्रफ के रूप में देखा जा रहा है। एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ 20 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के पास पहुंचेगा। इससे उत्तर प्रदेश के मौसम में खास असर नहीं पड़ेगा, लेकिन चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र के पहाड़ी इलाकों में मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस क्षेत्र में हवाओं की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है। वहीं अन्य जनपदों में मौसम शुष्क बना रहेगा और हवाओं की दिशाएं बदलते ही तापमान में बढ़ोत्तरी शुरु हो जाएगी।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 28.8 और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 89 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 30 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 2.7 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाये रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा होने की कोई संभावना नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर