राहुल के शक्ति वाले बयान पर केन्द्रीय मंत्री रूपाला का प्रहार

-राजकोट सीट से लोकसभा उम्मीदवार हैं केन्द्रीय राज्य मंत्री परशोत्तम रूपाला

राजकोट, 20 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की शक्ति के बयान पर विवाद पैदा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस बयान की निंदा करते हुए कड़ा प्रहार किया। इसके बाद केन्द्रीय पशुपालन राज्य मंत्री और राजकोट से भाजपा के उम्मीदवार परशोत्तम रूपाला ने भी राहुल के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है।

राजकोट के कुवाडवा के समीप आयोजित जनसभा में रूपाला ने कहा कि बाल भगवान और महिला भगवान कहीं नहीं है। यह हमारे देश में ही है। भारतीय संस्कृति में है। सनातन धर्म में इसका उल्लेख है। इसके अलावा कहीं नहीं है। हमारे यहां जगदंबा है। नौ दिन तक इनकी उपासना का हमारे यहां पर्व होता है। उन्हें तो शक्ति से ही आपत्ति है। राहुल गांधी का नाम लिए बगैर रूपाला ने कहा कि वे ऐसा समझे बिना आपत्ति जताते हैं या समझ कर बोलते हैं, यह समझ में नहीं आता है।

रूपाला ने कहा कि किसी को शक्ति की उपासना करने को कहा तो उन्होंने शक्ति को पकड़ लिया और उसके विरुद्ध हो गए हैं। यह देश उनके भरोसे नहीं है। विरोध करने वालों के भरोसे यह देश नहीं चलता है। सीता कर हरण कब हुआ इसकी कोई तारीख किसी को पता नहीं है। रामायण में इसका उल्लेख हुआ है लेकिन आज की तारीख में भी रावण का पुतला दहन कर देश इसे मनाते आ रहा है। कुछ कुछ घटनाओं को हमारा देश कभी भूलता नहीं है। इसी से परंपरा की शुरुआत होती है।

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 17 मार्च को समाप्त हुई थी। इस अवसर पर मुंबई के शिवाजी पार्क में आईएनडीआईए की रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में कांग्रेस पार्टी के नेता भी शामिल हुए थे। इसी रैली में राहुल ने कहा था कि हिंदू धर्म में शक्ति शब्द है। हमलोग शक्ति के विरुद्ध लड़ रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ बिनोद/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर