बेरिकेड तोड़ने पर पुलिस ने बरसायी एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर लाठी

बीकानेर, 20 मार्च (हि.स.)। केंद्र सरकार की अग्निवीर स्कीम के विरोध में प्रदर्शन कर रहे नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बुधवार को लाठीचार्ज किया। डूंगर कॉलेज के प्रेसिडेंट हरि गोदारा के सिर पर लगी है। पूर्व अध्यक्ष कृष्ण गोदारा भी घायल हो गए।

एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ता गंगाथिएटर से कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े तो पुलिस उन्हें रोकने लगी। पुलिस ने जाखड़ सहित कुछ छात्र नेताओं को अंदर जाने दिया। शेष को बाहर रोक दिया। इस पर स्टूडेंट्स ने बैरिकेड्स तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोका तो वे विरोध करने लगे। इसके बाद पुलिस और आरएसी के जवानों ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस और आरएसी के जवानों ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर डंडे बरसाए। कार्यकर्ता अलग-अलग दिशाओं में भागे। वहीं, कुछ स्टूडेंट्स पुलिस के सामने हो गए।

डूंगर कॉलेज के अध्यक्ष हरि गोदारा और पूर्व अध्यक्ष कृष्ण गोदारा पुलिस के सामने हो गए। इसी दौरान लाठीचार्ज में हरि का सिर फूट गया। खून निकलने लगा तो दौड़ कर कृष्ण गोदारा भी उनके पास पहुंचे। पुलिस ने कृष्ण पर भी लाठी बरसाई, जिससे वह भी घायल हो गए।

पूरी घटना को लेकर देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि भाजपा की सरकार ने एक सप्ताह में दूसरी बार लाठीचार्ज करके साबित कर दिया है कि वो लोकसभा चुनाव में हारने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सरकार का विरोध करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर