एनएसएस इकाई ने किया योग प्रशिक्षण शिविर एवं स्वच्छ भारत अभियान का आयोजन

हरिद्वार, 21 मार्च (हि.स.)। बैरागी कैंप स्थित गंगा योग न्यास में भारत सरकार युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय के प्रायोजित राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई चार के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवे दिन की शुरुआत योग प्रशिक्षण शिविर से हुई। योग प्रशिक्षण शिविर में ओम आरोग्य संस्थान के अध्यक्ष योगी रजनीश ने स्वयंसेवकों को योग एवं प्राणायाम की बारीकी से जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया।

उन्होंने स्वयंसेवकों से कहा कि योग मानव जीवन में अहम योगदान रखता है। योग करके न सिर्फ शरीर को फीट रखा जा सकता है, बल्कि खुद को शांत भी रखा जा सकता है। योग न्यास आश्रम के अध्यक्ष राकेश कुमार शास्त्री ने स्वयंसेवकों से यौगिक क्रिया करने के प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग से जीवन ऊर्जावान बनता है जो हमें हमारे लक्ष्य तक पहुंचने में मदद करता है। योग प्रशिक्षण के बाद सभी स्वयंसेवक अपने-अपने परियोजना कार्य के लिए बस्ती के लिए निकले।

कार्यक्रम अधिकारी डा. मयंक पोखरियाल ने बताया कि स्वयंसेवकाें को हर दिन अलग-अलग परियोजना कार्य दिए जाते हैं, जिससे स्वयंसेवक जीवन में हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहे। बौद्धिक सत्र के विशेष व्याख्यान के लिए पहुंचे अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के संकायाध्य्क्ष प्रो. विपुल शर्मा ने स्वयंसेवकों को स्वच्छ भारत अभियान की जानकारी दी। इसके बाद स्वयंवकों ने बस्ती में स्वच्छता व जनजागरूकता अभियान चलाया।

उन्होंने लोगों को बताया कि सफाई हमारे जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा हमे अपने परिसर एवं घरों में सफाई करते हुए दूसराें को भी प्रेरित करना चाहिए। सांस्कृतिक सत्र में रोहित, रमन, सिद्धार्थ, आशीष, ओमेर, सुधांशु, विश्वास, शौर्य ने राष्ट्र आराधना, लक्ष्यगीत, शायरी, रहीम एवं कबीर के दोहे , वीररस कविता पाठ किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर