प्राकृतिक रंगों के उपयोग को फिर चलाया जागरूकता अभियान

बांदा, 21 मार्च (हि.स.)। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आगामी होली पर्व को देखते हुए पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के राज्य कार्यकारिणी सदस्य (उत्तर प्रदेश) और इंडियन योग एसोशिएशन उत्तर प्रदेश स्टेट चैप्टर कमेटी के मध्य जोन (उत्तर प्रदेश) प्रभारी सजल कुमार रेन्डर द्वारा प्राकृतिक रंगों के इस्तेमाल पर पुनः जागरूकता अभियान चलाया गया।

प्राकृतिक रंगों के इस्तेमाल के लिए पिछले कई सालों से अपने स्वर्गीय पिता जी की प्रेरणा से लगातार यह अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में जाकर छात्रों और शिक्षकों को जानकारी दी जाती है और उन्हें रासायनिक रंगों से बचने की सलाह दी जाती है। इस वर्ष भी यह अभियान आदर्श शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज स्वराज कालोनी, नगर पालिका बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालिका जिला परिषद, बी. पी. एम. पी. बालिका इंटर कॉलेज छोटी बाजार और सेन्ट जार्ज पब्लिक स्कूल आवास विकास में चलाया गया।

जिसमें रासायनिक रंगों से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी गई कि किस तरह वह हमारे हाथों के जरिए पेट में पहुंचकर कैंसर जैसी भयानक बीमारी पैदा करते हैं। प्राकृतिक रंग कुदरत ने विभिन्न रूपों में उपलब्ध कराए हैं। फलों में संतरा अनार अंगूर जामुन आदि, सब्जियों में पालक चुकंदर गाजर टमाटर हरा धनिया आदि और फूलों में गेंदा, गुलाब, गुड़हल और पलाश टेशू के फूल आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं। सबसे सरल और आसान तरीका पलाश के फूलों से रंग बनाने का है और जो बुन्देलखण्ड में बहुतायत से उपलब्ध है। होली पर्व के आसपास ही इन पेड़ों में फूल आने लगते हैं। पलाश के फूलों से बने रंग त्वचा को फायदा पहुंचाते हैं पर्यावरण को शुद्ध रखते हैं और भीगे हुए फूलों कि बदन पर मालिश करने से चर्म रोग, चेचक जैसी खतरनाक बीमारी की समस्या से निजात मिलती है। अत्यधिक गर्मी महसूस होने पर इनके ताजे फूलों का शरबत पीने से शीतलता मिलती है।

पलास के फूल खून को साफ करने का भी काम करता है। शुगर तथा यौन दुर्बलता दूर करने में भी सहायक है। पलाश के फूलों को रात भर पानी में भिगोकर रखने से ही रंग तैयार हो जाता है और इसमें बहुत ही अच्छी सुगंध भी आती है। इन सभी विद्यालयों में छात्रों तथा शिक्षकों को पलाश के फूलों से रंग बनाकर उसको दिखाया गया। आदर्श शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज स्वराज कालोनी के प्रधानाचार्य प्रशांत कुमार, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सरिता साहू, बी. पी. एम. पी. बालिका इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मदन कुमार, सेन्ट जार्ज पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य अल्बर्ट रस्किन को पलाश के फूलों की थैली व रंग भेंट किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/मोहित

   

सम्बंधित खबर