कांग्रेस की गारंटी प्रत्येक महिला को एक लाख, 30 लाख पदों पर भर्ती, किसान का होगा कर्ज माफ : रेखचंद जैन

जगदलपुर, 21 मार्च (हि.स.)। जिले के ब्लॉक मुख्यालय दरभा में आज गुरुवार को जगदलपुर व चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र की बैठक में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए बूथ, जोन व सेक्टर पदाधिकारी मौजूद रहे। जगदलपुर तथा चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के समन्वयक तथा पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि पंजा का निशान कांग्रेस की पहचान है और कार्यकर्ता इसकी रीढ़ हैं।

उन्होंने कहा कि अभी से कार्यकर्ता अपने बूथ व सेक्टर में लोगों से सम्पर्क साध कर कांग्रेस की न्याय नीतियों की जानकारी दें। जैन ने कांग्रेसजनों को विस्तार से युवा, किसान, आदिवासी, नारी आदि वर्गों के लिए कांग्रेस की गारंटियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन्हें कांग्रेस के घोषणापत्र में जारी किया जा रहा है, शीघ्र ही यह आप सबके हाथ में होगा। इसके प्रमुख बिंदुओं का उल्लेख भी किया। पूर्व विधायक ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने पर गरीब वर्ग की प्रत्येक महिला को सालाना एक लाख रुपये देने का प्रावधान किया गया है। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान केंद्र सरकार के अधीन खाली पड़े 30 लाख पदों पर भर्ती, किसान कर्ज माफी, कृषक सामग्रियों व उपकरणों को जीसटी के दायरे से बाहर करने आदि की घोषणाएं भी की है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की किसान, मजदूर, महिला, युवा आदि की विरोधी नीतियों की कलई खुल गई है। समाज का कोई भी वर्ग भाजपा से संतुष्ट नहीं है। विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा ने झूठ का फरेब फैलाकर जो जीत दर्ज की है, उसकी हकीकत सामने आ रही है। जनता का बड़ा वर्ग यह महसूस कर रहा है कि भाजपा को छत्तीसगढ़ की सत्ता नहीं मिलनी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झूठों का सरदार कहा जाता है क्योंकि 2014 व 2019 में जनता को अच्छे दिन का सब्जबाग दिखाकर वे सत्ता पर काबिज हुए लेकिन समाज व जनता की भलाई का कोई काम नहीं किया। एक ओर जहां भाजपा परिवार व समाज को तोड़ने की नीति पर चल रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सामाजिक एकता तथा राष्ट्र की अखंडता की भावना के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकले। जैन ने कहा कि हमें उम्मीदवार के बजाय पार्टी की ओर देखना है। आज-कल में उम्मीदवार की घोषणा होने से स्थिति साफ होगी लेकिन सभी को यह सोचकर अभी से जुटना है कि वे कांग्रेस को जिताकर ही दम लेंगे।

बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष बलराम मौर्य ने भी जानकारी देकर कांग्रेस पक्ष में माहौल बनाने प्रेरित किया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बीर सिंह बघेल, जितेंद्र सिंह चौहान, महादेव नाग, लक्ष्मण कश्यप, जयदेव नाग, संतोष सिंह, मुन्नालाल कश्यप, लालाराम कर्मा, गोविंद बघेल, अमन बघेल, सुखराम नाग, कुरसो, सामनाथ, सोनसाय, शिवलाल मंडावी, चैतन नाग, गणेश नाग, मोहन सिंह, भक्तुराम पोडियामी, सोनारू नाग, रामनाथ, रामधर बघेल, मड्डाराम कवासी, मोतीराम पोयाम, हिड़मो, बलीराम आदि विभिन्न बूथ, सेक्टर व जोन के पदाधिकारी समेत अन्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर