भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ 24 कुंडीय राष्ट्र चेतना गायत्री महायज्ञ

खूंटी, 21 मार्च (हि.स.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के दिशा निर्देश पर गायत्री परिवार खूंटी शाखा द्वारा खूंटी क्लब परिसर में आयोजित चार दिवसीय 24 कुंडीय राष्ट्रीय चेतना जागरण गायत्री महायज्ञ गुरुवार को प्रारंभ हुआ। महायज्ञ के पहले दिन गुरुवार सुबह शहर में भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई।

आयोजन स्थल खूंटी क्लब परिसर से निकाली गई मंगल कलश यात्रा डाक बंगला रोड से भगत सिंह चौक, मेन रोड, नेताजी चौक, कर्रा रोड, चौधरी तालाब रोड होते हुए लियाकत अली लेन में निकल कर मिश्रा टोली मेन रोड होते हुए वापस आयोजन स्थल खूंटी क्लब परिसर में पहुंच कर समाप्त हुआ। मंगल कलश यात्रा में पीला वस्त्र धारी 701 महिलाएं व युवतियां मंगल कलशों को शिरोधार्य कर कतारबद्ध चल रही थी, जबकि अन्य सैकड़ों महिलाएं, पुरुष, युवतियां व बच्चे धार्मिक ध्वज पकड़कर भजन-कीर्तन करते चल रहे थे। शोभा यात्रा में भजन मंडलियों के साथ ही श्रीराम दरबार की झांकी भी शामिल थी, जो श्रद्धालुओं को बरबस अपनी ओर आकर्षित कर रही थी।

शोभा यात्रा समापन के बाद सभी मंगल कलशों को आयोजन स्थल में विधिवत स्थापित किया गया। तत्पश्चात महा आरती और प्रसाद का वितरण किया गया। शाम में छह से आठ बजे तक संगीत प्रवचन का कार्यक्रम हुआ जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन के दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह आठ से 11 बजे तक देव पूजन गायत्री महायज्ञ आदि अनुष्ठान होंगे, जबकि अपराह्न तीन से चार बजे तक कार्यकर्ता गोष्टी और शाम छह बजे से रात नौ बजे तक संगीत प्रवचन का आयोजन होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर